नमो सेवा गाथा के तहत विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से दिया जनजागरूकता का संदेश

Posted on: 2026-09-24


जांजगीर-चांपा, 24 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘नमो सेवा गाथा’ गतिविधि के अंतर्गत जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने आज गुरुवार को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने अलग-अलग स्थानों पर प्रभावी प्रस्तुतियां देकर लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया।

शासकीय इन्द्रजीत सिंह महाविद्यालय अकलतरा, शासकीय नवीन महाविद्यालय पामगढ़, शासकीय लक्ष्मणेश्वर महाविद्यालय खरौद, शासकीय महाविद्यालय बलौदा, शासकीय टीसीएल स्नातकोत्तर कॉलेज जांजगीर, शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय, शासकीय नवीन महाविद्यालय केरा, शासकीय नवीन महाविद्यालय बिर्रा, शासकीय एमएमआर महाविद्यालय चांपा और शासकीय नवीन महाविद्यालय सारागांव के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए।

विद्यार्थियों ने अभिनय, संवाद और रचनात्मक प्रस्तुति के जरिए प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, स्वच्छता सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और मिलने वाले लाभों को सरल एवं बोलचाल की भाषा में समझाया गया, जिससे नागरिकों को योजनाओं की जानकारी आसानी से समझने में मदद मिली।

विद्यार्थियों ने पात्र हितग्राहियों से शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लाभ लेने की अपील की। साथ ही परिवार, पड़ोस और आसपास के लोगों को भी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

‘नमो सेवा गाथा’ के तहत आयोजित यह गतिविधि विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के साथ शासकीय योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनी। विद्यार्थियों ने अपनी कला और रचनात्मकता के जरिए जनहित से जुड़े संदेश को प्रभावी और रोचक तरीके से लोगों तक पहुंचाया।