काजी तौकीर और अरिजीत सिंह का सिंगिंग फेस ऑफ वीडियो वायरल, 21 साल पहले जब Millennials के दिलों पर किया था राज

Posted on: 2026-09-14


काजी तौकीर को भले ही आज जेन जी बिग बॉस 20 के लिए जान रहे हैं. लेकिन मिलेनियल्स के लिए वह फेम गुरूकुल के विनर हैं, जिन्होंने  2005 में फैंस के दिलों पर राज किया. यह वही शो था, जिसमें बॉलीवुड के जाने माने सिंगर अरिजीत सिंह भी नजर आए थे. वहीं उनका एक अलग अंदाज देखने को मिला. जबकि इन दिनों बिग बॉस 20 की चल रही बातों के बीच अरिजीत सिंह और काजी तौकीर के साथ में कुछ वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें दोनों को सिंगिंग फेस ऑफ करते हुए देखा जा सकता है. इन वीडियो को फैंस का खूब प्यार मिल रहा है और वह तारीफ करते हुए नजर आ रहे हैं. 

 काजी और अरिजीत सिंह का सिंगिंग फेस ऑफ

इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो फेम गुरुकुल की एक परफॉर्मेंस का है, जिसमें अरिजीत सिंह, काजी तौकीर और अन्य कंटेस्टेंट को शान फिल्म के यम्मा यम्मा गाने को गाते हुए देखा जा सकता है. 

एक-दूसरे को सपोर्ट कर रहे हैं अरिजीत-काजी

काजी तौकीर और अरिजीत सिंह सोशल मीडिया के जरिए अक्सर एक-दूसरे को सपोर्ट करते हुए नजर आते हैं. वहीं बिग बॉस 20 में काजी तौकीर के सपोर्ट में जहां अरिजीत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "मुझे अपनी जिंदगी में पहली बार बिग बॉस देखना होगा क्योंकि हमारा रॉकस्टार काजी वहां है. " वहीं शो में काजी ने भी अरिजीत सिंह की तारीफ की. उन्होंने हाल ही में कहा,  "भाई मैं तुम्हें बता रहा हूं कि वह आदमी मेरी जिंदगी है. वो बंदा मेरी जान है. उसका फाइटिंग स्पिरिट पागलपन वाला है. वो 8 घंटे तक नहीं थकता. सितार लेकर बैठता है. जब शुरू करता है तो समय का कुछ पता ही नहीं चलता. सात घंटा, छह घंटा, लगातार, उसी चीज में खोया रहता है. मुझे कपड़ों का शौक है, उसके लिए मजा है प्रोसेस. उसका संगीत."

फेम गुरू से शुरू हुई थी दोस्ती

काजी और अरिजीत की दोस्ती दो दशक से भी ज्यादा पुरानी है. दोनों 2005 में फेम गुरुकुल में युवा कंटेस्टेंट के तौर पर मिले थे और करियर के अलग-अलग रास्तों पर जाने के बावजूद करीबी दोस्त बने रहे. दोनों कई बार साथ में वक्त बिताते हुए नजर आए, जिससे दोनों की दोस्ती का अंदाजा लगाया जा सकता है.