दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का भविष्य हैं छात्र: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार

Posted on: 2026-08-25


भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने देश के युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं में चुनावी साक्षरता एवं लोकतांत्रिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इसी उद्देश्य से लखनऊ में “इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC 2.0) और  ECINET” विषय पर दूसरे क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने युवाओं को लोकतंत्र की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए चुनावी प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।

युवाओं की भागीदारी लोकतंत्र में मजबूत निवेश
उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों से पहुंचे विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि “छात्र ही हमारे राष्ट्र का भविष्य हैं।” उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को समृद्ध बनाने और चुनावी प्रक्रिया की सही समझ विकसित करने में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं में चुनावी प्रक्रिया को लेकर विश्वास, जागरूकता और जिम्मेदारी विकसित करना लोकतंत्र के भविष्य में किया गया मजबूत निवेश है।

पारदर्शी और व्यवस्थित है भारतीय चुनाव प्रणाली
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने भारतीय निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश में चुनाव संविधान, कानून और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित किए जाते हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत ऑडिट और सत्यापन किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा को मतदाता पंजीकरण, मतदान और मतगणना की प्रक्रिया की सही जानकारी होना आवश्यक है।

“लोकतंत्र सीखें, लोकतंत्र का नेतृत्व करें”
सम्मेलन में  ELC  2.0 को नए स्वरूप में प्रस्तुत किया गया। इसकी टैगलाइन “लोकतंत्र सीखें। लोकतंत्र का नेतृत्व करें।” (Learn Democracy- Lead Democracy) रखी गई है।
 ELC  2.0 के तहत स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में संचालित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों को डिजिटल रूप से सक्षम, व्यवस्थित और अधिक प्रभावी मंच के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके माध्यम से केवल चुनाव के दौरान ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष युवाओं, उनके परिवारों और समुदायों के बीच चुनावी साक्षरता से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

ECINET से जुड़ेगा देशभर का  ELC  नेटवर्क’
   ELC   2.0 को ECINET  डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जा रहा है। इसके अंतर्गत समर्पित  ELC  पोर्टल के माध्यम से देशभर के क्लबों का एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को मतदाता सूची, पंजीकरण, मतदान और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी प्रमाणिक एवं उपयोगी जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराना है।

25 करोड़ छात्रों तक पहुंचने का लक्ष्य
देश की व्यापक शैक्षणिक व्यवस्था को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने इस पहल के माध्यम से बड़े पैमाने पर युवाओं तक पहुंच बनाने का लक्ष्य रखा है। देश में लगभग 15 लाख स्कूलों में करीब 25 करोड़ विद्यार्थी और एक करोड़ से अधिक शिक्षक हैं। वहीं उच्च शिक्षा क्षेत्र में करीब 1,500 विश्वविद्यालयों और 70,000 संस्थानों में लगभग 4.33 करोड़ विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। ELC 2.0 के माध्यम से इस विशाल शैक्षणिक नेटवर्क का उपयोग तथ्यात्मक एवं अनुभवात्मक चुनावी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए किया जाएगा।
आयोग का उद्देश्य है कि युवा केवल मतदाता के रूप में ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और निर्वाचन प्रक्रिया के जागरूक एवं जिम्मेदार दूत के रूप में भी अपनी भूमिका निभाएं।

अल्मा मेटर पहुंचकर पुरानी यादें की साझा
लखनऊ दौरे के पहले दिन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अपने पूर्व शिक्षण संस्थान कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज का भी दौरा किया। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं से संवाद किया और अपने विद्यार्थी जीवन की पुरानी यादें साझा कीं। दौरे के दूसरे दिन वे उत्तर प्रदेश के बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) के साथ विशेष बैठक कर जमीनी स्तर पर निर्वाचन तैयारियों, कार्यप्रणाली और सुधारों की समीक्षा करेंगे।
ELC  2.0 के माध्यम से निर्वाचन आयोग की यह पहल देश के युवाओं को लोकतंत्र की प्रक्रिया से जोड़ने, उनके भीतर संवैधानिक मूल्यों की समझ विकसित करने और भविष्य के जिम्मेदार नागरिक तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।