लंबित गंभीर अपराधों का शीघ्र करें निराकरण, नशे के नेटवर्क पर करें कड़ी कार्रवाई: एसपी वैभव बैंकर

Posted on: 2026-08-22


बलरामपुर, 22 अगस्त। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में अपराध समीक्षा बैठक लेकर जिले में लंबित अपराध, मर्ग, गुमशुदगी, साइबर अपराध, एनडीपीएस, महिला एवं बाल अपराध, यातायात और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के साथ बेसिक पुलिसिंग मजबूत करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित गंभीर अपराधों की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई कर मामलों का जल्द निराकरण करने को कहा। उन्होंने लंबित चीटफंड एवं धोखाधड़ी के मामलों, शिकायतों और पीड़ित मुआवजा प्रकरणों का भी समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए एसपी ने नशीले पदार्थों की तस्करी और दुरुपयोग के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने एनडीपीएस मामलों में जब्त वाहनों के राजसात की कार्रवाई, नशे के कारोबार की वित्तीय जांच तथा उसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की पड़ताल पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नशामुक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।

गुमशुदा व्यक्तियों के मामलों की समीक्षा करते हुए एसपी ने थाना प्रभारियों को गंभीरता से कार्रवाई करने और गुमशुदा लोगों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऑपरेशन मुस्कान के तहत बच्चों की तलाश और उनके पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चल रहे साइबर जागृति अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। बैठक में म्यूल अकाउंट, प्वाइंट ऑफ सेल इन्वेस्टिगेशन, सोशल इंजीनियरिंग, फेक एपीके और ओटीपी फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों के नए तरीकों पर चर्चा हुई। एसपी ने पुलिसकर्मियों को साइबर अपराधों की जांच के लिए प्रशिक्षित करने तथा आईटी अधिनियम से जुड़े मामलों का त्वरित निराकरण करने पर जोर दिया।

महिलाओं से संबंधित अपराधों को प्राथमिकता से लेते हुए एसपी ने पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के निर्देश दिए। पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की जांच में तेजी लाने तथा संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने को कहा गया।

यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसपी ने शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने, ट्रिपल सवारी, नाबालिगों के वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

कानून-व्यवस्था और लंबित शिकायतों पर भी समीक्षा

एसपी ने जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की तैनाती और गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेने को कहा।

बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने तथा जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता की सुरक्षा और उन्हें न्याय दिलाना है, जिसके लिए अनुशासन, ईमानदारी और मेहनत जरूरी है।

बैठक में वाड्रफनगर एसडीओपी रामअवतार ध्रुव, एसडीओपी कुसमी अलेक्सिस टोप्पो, रामानुजगंज एसडीओपी बाजीलाल सिंह, डीएसपी हेड क्वार्टर प्रमोद किस्पोट्टा, एसडीओपी बलरामपुर याकूब मेमन, डीएसपी आजाक कमलेश्वर भगत सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, रक्षित निरीक्षक तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।