गणित की समझ से लेकर पहाड़े तक, बच्चों की बुनियादी दक्षता मजबूत करने शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण

Posted on: 2026-08-22


रायगढ़, 22 अगस्त। पुसौर विकासखंड के प्राथमिक शाला बोदाटिकरा में शनिवारिय बैठक-सह-प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। 22 अगस्त शनिवार को संयुक्त संकुल गढ़उमरिया, डूमरमुड़ा और छातामुरा के प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा तीसरी, चौथी और पांचवीं में गणित पढ़ाने वाले शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल ने बताया कि, प्रशिक्षण में राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा-2005 के उद्देश्यों, बच्चों में गणितीय क्षमता विकसित करने तथा मूलभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान के लक्ष्यों को कक्षा-कक्ष की गतिविधियों के माध्यम से हासिल करने पर चर्चा की गई। गणितीय मॉडल और शिक्षण-अधिगम सामग्री के माध्यम से बच्चों की सहभागिता बढ़ाने तथा कठिन अवधारणाओं को सरल तरीके से समझाने की विधियां बताईं गई।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल ने शिक्षकों को शाला समय में नियमित एवं समय पर उपस्थित रहने, वीएसके एप पर उपस्थिति दर्ज करने तथा पाठ्यक्रम विभाजन के अनुसार समय पर पाठ्यक्रम पूरा करने कहा। प्रधान पाठकों को नियमित रूप से कक्षाओं की निगरानी करने और बच्चों में कक्षा अनुरूप सीखने के प्रतिफल विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों का सीखने का स्तर अपेक्षित नहीं है, उनके लिए विशेष रूप से उपचारात्मक शिक्षण की व्यवस्था की जाए। कक्षा तीसरी से पांचवीं के बच्चों को 20 तक पहाड़ा याद कराने, हिंदी पाठ्यपुस्तक का आदर्श पठन कराने तथा तीन अंकों की संख्याओं के गुणनखंड और भाग की समझ विकसित करने का लक्ष्य दिया गया। कक्षा पहली और दूसरी के बच्चों के लिए बारहखड़ी का नियमित अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए। निर्धारित लक्ष्यों को 31 अगस्त तक पूरा करने कहा गया।