Posted on:
बलरामपुर, 19 अगस्त। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से खाद्य व्यवसाय से जुड़े लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य सामग्री के रखरखाव की जानकारी देने के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण एवं प्रमाणन कार्यक्रम के तहत आयोजित हुआ।
प्रशिक्षण में जिले के स्ट्रीट फूड वेंडर्स, किराना दुकानदार, होटल, मिठाई दुकान, डेयरी और रेस्टोरेंट संचालकों ने भाग लिया। इसके साथ ही आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत संचालित आश्रम शालाओं, छात्रावासों, एकलव्य विद्यालय और प्रयास विद्यालयों में भोजन तैयार करने वाले रसोइयों को भी प्रशिक्षण दिया गया।
स्वच्छता और सुरक्षित खाद्य रखरखाव पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, रसोईघर की साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण के बारे में बताया गया।
इसके अलावा भोजन तैयार करने और परोसने के दौरान स्वच्छता का ध्यान रखने, साफ पेयजल का इस्तेमाल करने तथा खाद्य सामग्री को सुरक्षित तरीके से रखने और संभालने के तरीकों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के माध्यम से खाद्य कारोबारियों और रसोइयों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए जरूरी मानकों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।