Posted on:
बलरामपुर, 19 अगस्त। बलरामपुर जिले के युवाओं को राष्ट्र निर्माण और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए माय भारत पोर्टल पर पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इस डिजिटल मंच से जुड़कर विभिन्न गतिविधियों, प्रशिक्षण और स्वयंसेवा के अवसरों का लाभ उठा सकते हैं।
20 अगस्त को चलेगा विशेष अभियान
जिले में अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत कार्यक्रम से जोड़ने के उद्देश्य से 20 अगस्त को विशेष महाअभियान आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पात्र युवाओं का निःशुल्क पंजीयन कराया जाएगा। युवा स्वयं भी ऑनलाइन माध्यम से अपना पंजीयन कर सकते हैं।
माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवाओं को सामुदायिक विकास, स्वयंसेवा, कौशल विकास, स्वरोजगार, अनुभवात्मक शिक्षा और विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों में भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। इससे युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार अलग-अलग गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
घर बैठे कर सकते हैं पंजीयन
जिले के पात्र युवा दिए गए पंजीयन लिंक के माध्यम से अपना पंजीयन स्वयं कर सकते हैं। पंजीयन पूरी तरह निःशुल्क है। अधिकारियों के अनुसार पंजीयन के लिए किसी प्रकार के ओटीपी की आवश्यकता नहीं है।
जिला नोडल अधिकारी एवं उप संचालक पंचायत गौरव साहू ने बताया कि 20 अगस्त 2026 पंजीयन की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। उन्होंने स्कूलों और महाविद्यालयों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र युवाओं का पंजीयन कराने का आग्रह किया है।
युवाओं से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील
प्रशासन ने जिले के युवाओं के साथ स्कूल-कॉलेज के प्राचार्यों, अधिकारी-कर्मचारियों और आम नागरिकों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की है। अधिक संख्या में युवाओं के माय भारत से जुड़ने से उन्हें भविष्य में राष्ट्र निर्माण और विकास से संबंधित विभिन्न अवसरों का लाभ मिल सकेगा।