सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजा बलरामपुर

Posted on: 2026-08-03



बलरामपुर, 03 अगस्त। श्रावण मास के पहले सोमवार को बलरामपुर जिले में भगवान शिव की भक्ति का रंग देखने को मिला। सुबह से ही जिले के प्रमुख शिवालयों में शिवभक्तों की भीड़ उमड़ने लगी। मंदिर परिसर से लेकर आसपास के इलाकों तक हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई और बड़ी संख्या में शिवभक्त मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना करते नजर आए।

रामानुजगंज में भी सावन के पहले सोमवार को विशेष उत्साह देखने को मिला। कन्हर नदी तट पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शिवभक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। लोग छाता और बारिश से बचने के इंतजाम के साथ शिवालयों तक पहुंचे। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।

रामानुजगंज नगर के विभिन्न शिव मंदिरों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सावन के पहले सोमवार को भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

कन्हर नदी से जल लेकर तातापानी के लिए निकले कांवरिये

रामानुजगंज के कन्हर नदी छठ घाट पर सोमवार सुबह से ही कांवरियों की भीड़ जुटने लगी थी। कांवरियों ने कन्हर नदी से पवित्र जल भरा और कांवर लेकर गाजे-बाजे के साथ तातापानी स्थित तपेश्वर महादेव मंदिर के लिए पैदल रवाना हुए।

रामानुजगंज से तातापानी की दूरी करीब 15 किलोमीटर है। कांवरिये लगभग दो से ढाई घंटे पैदल यात्रा कर तातापानी पहुंचते हैं और वहां तपेश्वर महादेव का जलाभिषेक करते हैं। कांवरियों के जत्थे में युवा, बुजुर्ग और अन्य शिवभक्त शामिल रहे।

कांवरियों की यात्रा के दौरान रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की ओर से जलपान की व्यवस्था भी की गई। इससे पैदल यात्रा कर रहे शिवभक्तों को राहत मिली।रामानुजगंज से तातापानी जाने वाली सड़क के निर्माणाधीन होने के कारण कांवरियों को कुछ स्थानों पर परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन भगवान शिव के प्रति उनकी आस्था के आगे यह परेशानी भी छोटी नजर आई। कांवरिये जयकारे लगाते हुए लगातार आगे बढ़ते रहे।

बारिश के कारण कन्हर नदी का बहाव तेज हो गया है। इसे देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर रामानुजगंज के छठ घाट पर नगर सेवा और रामानुजगंज थाना पुलिस की टीम तैनात की गई है। पुलिस बल की तैनाती का उद्देश्य नदी में किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकना है।पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में श्रद्धालुओं और कांवरियों को नदी के पास सावधानी बरतने की सलाह दी गई। तेज बहाव को देखते हुए नदी में अधिक अंदर जाने से बचने और सुरक्षित स्थान से ही जल भरने की अपील की गई।

कन्हर नदी से जल लेकर रवाना हुए कांवरियों का जत्था करीब 15 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर तातापानी पहुंचेगा। यहां स्थित प्रसिद्ध तपेश्वर महादेव मंदिर में कांवरिये कन्हर नदी का जल भगवान शिव को अर्पित करेंगे।