छत्तीसगढ़ के नारायणपुुर में नक्सली डंप से हथियार और विस्फोटक बरामद

Posted on: 2026-07-25


नारायणपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। त्तीसगढ़ के नारायणपुुर जिले में सुरक्षा बलाें

ने शनिवार को नक्सली डंप से हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है।

नक्सल मुक्त क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए संयुक्त

रूप से सुरक्षाबलों का सर्च अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत आज 44वीं वाहिनी आईटीबीपी और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने ओरछा थाना क्षेत्र के पदगुंडा-करसेनार के जंगल में बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियार एवं विस्फोटक सामग्री का एक डंप बरामद किया।

नारायणपुर एसपी ने संदीप कुमार पटेल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस एवं सुरक्षाबलाें की संयुक्त टीम ने कैंप पदमेटा से पदगुंडा-करसेनार की ओर सघन सर्चिंग अभियान के दौरान जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में छिपाकर रखी गई नक्सल सामग्री बरामद की गई। जब्त सामग्री में एक 12 बोर रायफल, 55 कारतूस, चार स्थानीय निर्मित 51 मिमी मोर्टार शेल, 25 लोहे के भाले, एक बैटरी, एक स्टील कंटेनर तथा भाकपा (माओवादी) का एक झंडा शामिल है। बरामद सभी सामग्री को नियमानुसार जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जिले के नक्सल मुक्त क्षेत्रों में लगातार चलाए जा रहे अभियानों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। इसके बावजूद सुरक्षा बल किसी भी संभावित गतिविधि को रोकने और छिपाकर रखे गए हथियारों तथा विस्फोटकों की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं।

नारायणपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु, गतिविधि या नक्सल संबंधी सूचना मिले तो तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।