दंतेवाड़ा । कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ 2026) की जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में खरीफ 2026 के अंतर्गत जिले के सभी पात्र ऋणी एवं गैर-ऋणी किसानों को फसल बीमा योजना से जोड़ने, अधिकतम पंजीयन सुनिश्चित करने तथा 31 जुलाई 2026 तक शत-प्रतिशत कवरेज प्राप्त करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस वर्ष अधिक से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने पिछले वर्ष की तुलना में दोगुना पंजीयन लक्ष्य प्राप्त करने के लिए कृषि विभाग, बैंक शाखाओं, सहकारी साख समितियों एवं कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान चलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि 31 जुलाई 2026 फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि है, इसलिए सभी संबंधित विभाग निर्धारित समय-सीमा के भीतर अधिकतम किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करें। उन्होंने बैंक शाखाओं एवं सीएससी केंद्रों पर किसानों के लिए सरल एवं सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा आवेदन एवं दस्तावेज जमा करने में हरसंभव सहयोग प्रदान करने के निर्देश भी दिए। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जिले के सभी पात्र ऋणी एवं गैर-ऋणी किसान अपनी खरीफ फसलों का बीमा निकटतम बैंक शाखा, सहकारी साख समिति, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा पीएमएफबीवाई पोर्टल के माध्यम से करा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, भूमि संबंधी दस्तावेज (खसरा-खतौनी), बैंक पासबुक तथा फसल बुआई प्रमाण पत्र आवश्यक होंगे।
इस अवसर पर कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने कहा कि “मौसम की अनिश्चितता एवं प्राकृतिक आपदाओं के दौर में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। सभी पात्र किसान अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 का इंतजार किए बिना समय रहते अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं। सभी संबंधित विभाग पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किसानों को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।” जिला प्रशासन ने जिले के सभी किसान भाइयों से अपील की है कि प्राकृतिक आपदाओं, कीट एवं रोगों से होने वाले संभावित फसल नुकसान से सुरक्षा के लिए 31 जुलाई 2026 तक अपनी खरीफ फसलों का बीमा अवश्य कराएं। इस बैठक में कृषि उप संचालक सूरज पंसारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।