खलनायक बनकर लौटे अरशद वारसी, 'घमासान' का टीजर रिलीज

Posted on: 2026-07-24


ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 ने अपनी आगामी ओरिजिनल फिल्म 'घमासान' का टीजर जारी कर दिया है। तिग्मांशु धूलिया के निर्देशन में बनी इस क्राइम-एक्शन ड्रामा फिल्म में प्रतीक गांधी एक ईमानदार आईपीएस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि अरशद वारसी खूंखार डाकू सरगना 'महाराज' के किरदार में नजर आए हैं। फिल्म का निर्माण जियो स्टूडियोज और गोल्डन रेशियो फिल्म्स ने किया है।

मध्य भारत के बीहड़ों की पृष्ठभूमि पर आधारित 'घमासान' कानून और अपराध के बीच की टकराहट की कहानी है। टीजर में राजनीति, जातिगत समीकरण, अपराध, भय और सत्ता के प्रभाव की झलक देखने को मिलती है। फिल्म का मुख्य आकर्षण एक ईमानदार पुलिस अधिकारी और कुख्यात डाकू के बीच होने वाला आमना-सामना है।

फिल्म में राजपाल यादव और इशिता दत्ता भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। टीजर जारी करते हुए निर्माताओं ने लिखा, "जब कानून डर से शासित जमीन पर कदम रखता है तो आखिर में सिर्फ एक ही पक्ष बचता है... घमासान।" फिल्म जल्द ही जी5 पर स्ट्रीम होगी, हालांकि इसकी रिलीज डेट का ऐलान अभी नहीं किया गया है।