नई दिल्ली: पिछले दिनों सैराब सीरियल में नजर आने वाले एक्टर रोहित चंदेल को मुंबई पुलिस ने एक 16 साल की नाबालिग लड़की का पीछा करने, उसे प्रताड़ित करने और उसके साथ मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया था. इसके चलते वह सुर्खियों में आ गए. लेकिन अब उनके हाथ से सैराब सीरियल भी छूट गया है. दरअसल, टेलीविजन के लोकप्रिय अभिनेता कृष्णा कौल अब स्टार प्लस के 'सैराब' में मदिराक्षी मुंडले के साथ रोमांस करते नजर आएंगे. टेलीविजन और ओटीटी पर अपने दमदार अभिनय से लाखों दिल जीत चुके कृष्णा अब अपने खास अंदाज, गहराई और रोमांटिक आकर्षण के साथ इस शो का हिस्सा बनने जा रहे हैं.
सैराब का हिस्सा बनने पर कृष्णा कौल ने कही ये बात
'सैराब' ने अपनी शुरुआत से ही इशान और नयनिका की दिल छू लेने वाली प्रेम कहानी के जरिए दर्शकों को कई यादगार पल दिए हैं. 'सैराब' का हिस्सा बनने पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कृष्णा कौल ने कहा, "मैं सैराब परिवार का हिस्सा बनकर बेहद खुश हूं. दर्शकों ने इस शो को अब तक जितना प्यार दिया है, वह सचमुच शानदार है. ऐसी कहानी का हिस्सा बनना, जिसने इतने खूबसूरत तरीके से दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाई है, मेरे लिए जितना रोमांचक है, उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी भी है. मैं लंबे समय से मदिराक्षी मैम के काम की सराहना करता आया हूं.
आगे उन्होंने कहा, वह एक बेहतरीन कलाकार हैं और मैं उनके साथ स्क्रीन शेयर करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं. मुझे पूरा भरोसा है कि हम साथ मिलकर ऐसे कई यादगार पल रचेंगे, जिनसे दर्शक दिल से जुड़ाव महसूस करेंगे. मेरा हमेशा से मानना रहा है कि हर शो आपकी जिंदगी में किसी न किसी खास वजह से आता है और सैराब मेरे अभिनय सफर का एक अहम पड़ाव है. मेरे किरदार की कई परतें हैं और मैं बेसब्री से उस पल का इंतजार कर रहा हूं, जब दर्शक हमारी केमिस्ट्री, ड्रामा, रोमांस और कहानी में आने वाले कई दिलचस्प मोड़ों को देखेंगे."
रोहित चंदेल के बारे में
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, आरोपी एक्टर रोहित चंदेल पिछले कुछ समय से पीड़ित नाबालिग लड़की को अलग-अलग फोन नंबरों से लगातार कॉल करके परेशान कर रहा था और दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बीते 5 जुलाई को रोहित चंदेल ने पीड़िता की सोसाइटी के पास उसका पीछा किया, उसे जबरन रोका, गाली-गलौज की और विरोध करने पर उसके साथ हाथापाई करते हुए मारपीट भी की. इसके बाद खबरें सामने आई की खुद एक्टर ने अपना जुर्म कुबूल लिया है.