बिलासपुर । साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां ठग ने अश्लील वीडियो वायरल करने और एफआईआर दर्ज कराने की धमकी देकर एक शिक्षिका से 76,500 रुपये ठग लिए। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ठग ने शिक्षिका को फोन कर उस पर अश्लील वीडियो देखने का झूठा आरोप लगाया। इसके बाद आरोपी ने वीडियो वायरल करने और उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की धमकी देकर डराया। घबराई शिक्षिका ने बदनामी के डर से ठग के बताए खातों में किस्तों में ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कर दी।
कुछ समय बाद शिक्षिका को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए 28,993 रुपये की राशि को होल्ड करा दिया गया है।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल नंबर, बैंक खातों और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाकर ठग तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की धमकियों से घबराएं नहीं और किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें। साइबर अपराध से जुड़े मामलों में तत्काल साइबर हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करें।