पीएम मोदी का न्यूजीलैंड दौरा शुरू, प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से किया स्वागत

Posted on: 2026-07-10


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन देशों के दौरे के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड पहुंच चुके हैं। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने ऑकलैंड एयरपोर्ट पर पहुंचकर पीएम मोदी का गले लगाकर भव्य स्वागत किया। इस दौरान न्यूजीलैंड में भारत की उच्चायुक्त मुआनपुई सैयावी और न्यूजीलैंड सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

न्यूजीलैंड में पीएम मोदी का स्वागत 

पीएम लक्सन ने एयरपोर्ट पर स्वागत का वीडियो साझा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, न्यूजीलैंड में आपका स्वागत है।”

वहीं पीएम मोदी ने भी लक्सन का आभार जताते हुए लिखा, “थोड़ी देर पहले ऑकलैंड पहुंचा। एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए प्रधानमंत्री लक्सन का शुक्रिया। यह दौरा ऐतिहासिक है, चार दशकों में न्यूजीलैंड का यह पहला प्रधानमंत्री दौरा है। मैं प्रधानमंत्री लक्सन के साथ बातचीत करने और भारत-न्यूजीलैंड दोस्ती पर समग्र चर्चा करने का इंतजार कर रहा हूं। मैं कल (शनिवार) ऑकलैंड में एक कम्युनिटी प्रोग्राम को भी संबोधित करूंगा।”

भारतीय समुदाय ने किया उत्साही स्वागत

न्यूजीलैंड में रह रहे भारतीय समुदाय ने पीएम मोदी का सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति देकर भव्य स्वागत किया। समुदाय के सदस्य इस ऐतिहासिक दौरे को लेकर बेहद उत्साहित दिखे। एक भारतीय समुदाय के सदस्य ने कहा, “मैं पीएम मोदी के लिए परफॉर्म करने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। यह 40 साल बाद हो रहा है और सबसे खास बात यह है कि यह ‘वंदे मातरम’ की 150वीं सालगिरह है। इसलिए हमारा समूह उनके लिए यह परफॉर्म करने और इस मौके को यादगार बनाने को लेकर बहुत उत्साहित है।”

एक अन्य प्रतिभागी ने कहा, “यह जिंदगी भर में एक बार मिलने वाला मौका है, जब हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने अपनी संस्कृति और भारतीय विरासत दिखाने का अवसर मिल रहा है। परफॉर्म करने के लिए भी उतना ही उत्साहित हूं।”

यह दौरा 40 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूजीलैंड की पहली यात्रा है, जिसे दोनों देशों के बीच संबंधों को नई ऊंचाई देने वाला माना जा रहा है। कल (शनिवार) पीएम मोदी ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे।