Posted on:
पुरुष क्रिकेट में, इंग्लैंड ने कल रात नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत को 125 रनों से हरा दिया। इंग्लैंड द्वारा निर्धारित 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, भारत ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवा दिए और 11.4 ओवरों में मात्र 76 रनों पर ऑल आउट हो गया। इंग्लैंड की ओर से जोश टोंग ने 4 विकेट लिए, जबकि जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट हासिल किए।
इससे पहले, भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाए। फिलिप साल्ट ने 70 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। सैम कुरेन ने 41 रन बनाए। भारत की ओर से प्रिंस यादव और हर्षित राणा ने 2-2 विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।
शनिवार को मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 मैच में इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से हरा दिया। दोनों टीमों के बीच खेला गया पहला टी20 मैच बारिश के कारण बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गया था।
ब्रिस्टल और साउथेम्प्टन में सीरीज के आखिरी दो मैच खेले जाएंगे। इसके बाद भारत इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगा।