प्रधानमंत्री मोदी ने जकार्ता में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की, ‘होमेज टू द ट्रिपल जेम’ की प्रस्तुति को बताया असाधारण

Posted on: 2026-07-07


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में उनके स्वागत के लिए पेश किए गए शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तारीफ़ की। उन्होंने कहा कि ये कार्यक्रम भारत और इंडोनेशिया के बीच गहरे सभ्यतागत, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को दर्शाते हैं।

पीएम मोदी ने विहार धर्म रत्न ग्रुप के कलाकारों की ओर से किया गया ‘होमेज टू द ट्रिपल जेम’ नाम के प्रदर्शन को असाधातरण बताते हुए कहा कि इसमें भगवान बुद्ध की कालातीत शिक्षाओं और ट्रिपल जेम के गहरे मूल्यों को बहुत अच्छे तरीके से दिखाया गया। यह देखकर अच्छा लगता है कि इंडोनेशिया के लोग अपनी समृद्ध बौद्ध विरासत को इतने उत्साह और समर्पण के साथ संभाल रहे हैं और आगे बढ़ा रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी का सोमवार को जकार्ता में भारतीय समुदाय के लोगों ने बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया। होटल में भारतीय समुदाय के लोग ‘मोदी मोदी’ के नारे लगाते हुए उत्साह से प्रधानमंत्री का स्वागत करने पहुंचे। पीएम मोदी ने भी लोगों से मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान, उन्होंने रामायण की कहानी पर आधारित पारंपरिक शैडो पपेट्री भी देखी, जिसमें भारत की प्राचीन संस्कृति की झलक दिखी।

भारतीय समुदाय के स्‍वागत और कलाकारों की शानदार प्रस्‍तुत‍ि देख पीएम मोदी बहुत खुश हुए और उन्‍होंने कलाकारों की सराहना की। उन्होंने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”जकार्ता में, मुझे सामन्वय ग्रुप की ओर से प्रस्तुत एक सुंदर भरतनाट्यम नृत्य प्रदर्शन देखने का मौका मिला। यह देखकर बहुत खुशी हुई कि हमारी ये पारंपरिक कलाएं इतनी लगन और बेहतरीन तरीके से आज भी संभाली और प्रस्तुत की जा रही हैं।”

एक अन्य एक्स पोस्ट में पीएम मोदी ने बताया कि इंडोनेशिया की अनमोल शैडो पपेट्री (छाया कठपुतली) परंपरा ‘वायांग कुलित’ (Wayang Kulit) के एक शानदार प्रदर्शन को देखा, जिसमें रामायण की कालजयी कहानी को जीवंत किया गया। पीएम मोदी ने भावुक होते हुए कहा कि यह इस बात की एक मार्मिक याद दिलाता है कि हमारी साझा सभ्यता की विरासत ने कैसे समुद्रों और पीढ़ियों का सफ़र तय किया है; इसने अपने शाश्वत मूल्यों को बनाए रखते हुए सुंदर स्थानीय रूप अपनाए हैं।

उन्होंने शानदार परफ़ॉर्मेंस के लिए ‘गणेश’ नाम की टीम को बधाई दी।

इससे पहले, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने जकार्ता एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया। पीएम मोदी तीन दिन की राजकीय यात्रा पर इंडोनेशिया पहुंचे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि वे राष्ट्रपति के इस विशेष स्वागत से ‘बहुत प्रभावित’ हुए। यह 2018 के बाद पहली द्विपक्षीय यात्रा है, जब भारत-इंडोनेशिया संबंधों को ‘कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ के स्तर पर बढ़ाया गया था। पीएम मोदी ने कहा कि वे राष्ट्रपति प्रबोवो के साथ होने वाली बातचीत को लेकर उत्साहित हैं, जिससे दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे।

पीएम मोदी ने बताया कि इस यात्रा के दौरान दोनों नेता कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। वे योग्याकार्ता में स्थित प्रम्बानन मंदिर कॉम्प्लेक्स भी जाएंगे, जिससे दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होंगे। वे इंडोनेशिया में भारतीय समुदाय से मिलने को लेकर भी उत्साहित हैं।

वहीं, भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ चार मंत्रियों ने भी पीएम मोदी का स्वागत किया। एयरपोर्ट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी दिखाया गया। साथ ही इंडोनेशियाई वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने उस विमान के साथ उड़ान भरी, जिसमें पीएम मोदी यात्रा कर रहे थे, जब वह इंडोनेशियाई हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ।