भारत और बहरीन के बीच मजबूत होते संबंधों के बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बहरीन के राजा हमद बिन ईसा अल खलीफा और क्राउन प्रिंस एवं प्रधानमंत्री सलमान बिन हमद अल खलीफा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने तथा क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई। जयशंकर ने बहरीन में भारतीय समुदाय की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए वहां के नेतृत्व का आभार भी व्यक्त किया।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की शुभकामनाएं दीं
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि बहरीन के राजा हमद बिन ईसा अल खलीफा से मुलाकात करना उनके लिए सम्मान की बात रही। उन्होंने बताया कि इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं भी पहुंचाईं। जयशंकर ने भारत-बहरीन संबंधों को मजबूत बनाने में बहरीन के राजा के निरंतर मार्गदर्शन की सराहना की और भारतीय समुदाय के प्रति उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
विदेश मंत्री अल जयानी से भी हुई बैठक
इससे पहले एस. जयशंकर ने बहरीन की राजधानी मनामा में अपने समकक्ष अब्दुल्लतीफ बिन राशिद अल जयानी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-बहरीन द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्र में मौजूदा हालात पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। जयशंकर ने भारतीय समुदाय की भलाई सुनिश्चित करने के लिए बहरीन सरकार का आभार व्यक्त किया।
छह देशों की यात्रा पर हैं जयशंकर
बहरीन पहुंचने से पहले एस. जयशंकर कतर के दौरे पर थे, जहां उन्होंने कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी से मुलाकात की और भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की। बहरीन उनकी छह देशों की यात्रा का दूसरा पड़ाव है। यहां के कार्यक्रमों के बाद वह कुवैत, ओमान, अमेरिका और ब्रुसेल्स की यात्रा करेंगे।