भारत कोच्चि में ब्रिक्स की अध्यक्षता में ब्रिक्स महिला कार्य समूह की बैठक की मेजबानी करेगा।

Posted on: 2026-07-06


भारत अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता में आज से केरल के कोच्चि में शुरू हो रही दो दिवसीय ब्रिक्स महिला कार्य समूह की बैठक की मेजबानी करेगा। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने कहा कि ब्रिक्स सदस्य देशों के वरिष्ठ सरकारी अधिकारी सभी क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण और महिला नेतृत्व वाले विकास से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श करने और साझा प्राथमिकताओं पर सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक साथ आएंगे। महिला कार्य समूह की बैठक सदस्य देशों को महिला नेतृत्व वाले विकास को आगे बढ़ाने के लिए विचार-विमर्श करने और आम सहमति बनाने का अवसर प्रदान करेगी।

ब्रिक्स महिला ट्रैक ने चार प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया है, जिनमें शासन और नेतृत्व में महिलाएं, महिलाओं की डिजिटल और वित्तीय समावेशन, महिलाओं की उद्यमिता और कौशल विकास तथा जलवायु परिवर्तन, खाद्य सुरक्षा और पोषण में महिलाओं की भूमिका शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा कि यह बैठक इस महीने की 8 और 9 तारीख को होने वाली ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय बैठक के लिए एक मजबूत आधार तैयार करेगी।