रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन का आज छग के बिलासपुर में होगा शुभारंभ, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह जुड़ेंगे वर्चुअली

Posted on: 2026-07-02


बिलासपुर 02 जुलाई । विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम जी एवं जिला स्तरीय जन सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के मुख्य आतिथ्य में आज गुरुवार काे सवेरे 11 बजे से जल संसाधन विभाग के प्रार्थना भवन में किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री अरूण साव करेंगे। कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान वर्चुअली जुडेंगे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर विधायक सर्वश्री अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव, दिलीप लहरिया एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी भी मौजूद रहेंगे। जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम के तहत जिले की सभी जनपद पंचायतों तथा 486 ग्राम पंचायतों में एक साथ आयोजन किए जाएंगे। इस दौरान मिशन के राष्ट्रीय शुभारंभ का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। साथ ही योजना के उद्देश्यों, रोजगार एवं आजीविका के अवसरों तथा विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी आमजन को दी जाएगी।