छाल थाना में कथित जबरन वसूली मामले में 12 लोगों पर एफआईआर, पुलिस जांच में जुटी

Posted on: 2026-07-02


रायगढ़ 02 जुलाई । जिले के छाल थाना क्षेत्र में मजदूरों और वाहन चालकों से कथित रूप से अवैध वसूली करने के आरोप में पुलिस ने गुरुवार की देर शाम 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामला एसईसीएल की छाल खदान क्षेत्र में कार्यरत एक ठेका कंपनी के कर्मचारियों से सुरक्षा के नाम पर कथित धन उगाही से जुड़ा बताया गया है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छाल पुलिस से आज शुक्रवार काे मिली जानकारी के मुताबिक आर.के.एस. ठेका कंपनी के वाहन चालक बाबूदास महंत की शिकायत पर छाल थाना में अपराध दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग मजदूरों और वाहन चालकों से हर माह कथित रूप से धन की वसूली करते थे।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 308(2) तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

एफआईआर में अजय सिंह ठाकुर, बलिन्द्र सिंह, बोधन चौहान, रामकुमार जांगड़े, पुष्पलदास महंत, संजय पटेल, देवेंद्र कर्ष, चूड़ामणि राठिया, ऋतुराज सिंह, दुर्गा डनसेना, नरेंद्र निषाद और घनश्याम डनसेना को नामजद आरोपित बनाया गया है।

पुलिस का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है। विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।