भाजपा छोड़ने की अटकलों के बीच अन्नामलाई ने की अमित शाह से मुलाकात

Posted on: 2026-06-02



नई दिल्ली, 02 जून । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़ने और नई पार्टी के गठन की अटकलों के बीच मंगलवार को तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मंगलवार को यहां मुलाकात की।

इससे पहले अन्नामलाई ने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन महासचिव बीएल संतोष से भी मुलाकात की। इस दौरान भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने अन्नामलाई से उनकी आगे की राजनीतिक योजनाओं पर पुनर्विचार करने को भी कहा है।

सूत्रों के मुताबिक के अन्नामलाई ने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर तमिलनाडु की मौजूदा राजनीतिक उठापटक और नाराजगी की कारणों के बारे में बताया। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने अन्नामलाई को थोड़ा इंतजार करने को कहा है। अमित शाह से मुलाकात कर लौटे के अन्नामलाई ने मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि मुझे जो बताना था वो मैंने बता दिया। आप इंतजार करें अगले दो दिनों में मिलकर बात करेंगे। अन्नामलाई बुधवार को भी दिल्ली में रहेंगे। उल्लेखनीय है कि पूर्व आईपीएस अधिकारी अन्नामलाई तमिलनाडु में भाजपा का बड़ा चेहरा माने जाते रहे हैं। हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले उनको प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर नैनार नागेन्द्रन को यह जिम्मेदारी दी गयी। उसके बाद भाजपा के एआईएडीएमके के साथ गठबंधन के फैसले से भी वे खुश नहीं थे। अन्नामलाई ने सीबीएसई के 9वीं कक्षा के लिए त्रि-भाषा नीति लागू करने खिलाफ खुल कर टिप्पणी की थी। फिलहाल वे पार्टी के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।