विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षक दिवस
के अवसर पर विश्व भर में सेवारत संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षकों को श्रद्धांजलि
अर्पित की। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, डॉ.
जयशंकर ने वैश्विक शांति और सुरक्षा को बनाए रखने के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता
के लिए संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में सेवारत बहादुर महिलाओं और पुरुषों की
सराहना की। उन्होंने कहा कि उनका समर्पण विश्व के कुछ सबसे चुनौतीपूर्ण वातावरणों
में सार्थक बदलाव ला रहा है। मंत्री ने इस अवसर पर 'शांति में निवेश करें' के
संदेश को भी दोहराया।