जांजगीर-चांपा में अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन की कार्रवाई, जेसीबी समेत आठ वाहन जब्त

Posted on: 2026-05-23


जांजगीर-चांपा, 23 मई । जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर 01 जेसीबी मशीन, 03 हाईवा और 04 ट्रैक्टर जब्त किए हैं।

खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज तड़के सुबह केवा-पिपर्दा के मध्य हसदेव नदी क्षेत्र में अवैध रेत खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन पकड़ी गई। कार्रवाई के बाद जेसीबी को जब्त कर बम्हनीडीह थाना में सुरक्षार्थ रखा गया है।

इसके अलावा बिर्रा, केवा (नवापारा) और हाथनेवरा क्षेत्र में जांच के दौरान रेत के अवैध परिवहन में लगे 07 वाहनों को पकड़ा गया, जिनमें 03 हाईवा और 04 ट्रैक्टर शामिल हैं। जब्त वाहनों में से 06 को पुलिस लाइन खोखरा तथा एक ट्रैक्टर को बिर्रा थाना में सुरक्षार्थ रखा गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिले में लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाइयों से अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।