बलरामपुर : अवैध पशु तस्करी मामले में फरार दो आरोपित गिरफ्तार

Posted on: 2026-05-11


बलरामपुर, 11 मई । जिले में अवैध पशु तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना राजपुर पुलिस ने अवैध पशु परिवहन मामले में फरार चल रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मामले में पहले ही तीन आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब तक कुल पांच आरोपितों पर कार्रवाई की जा चुकी है।

पुलिस के अनुसार थाना राजपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 81/26 में 2004 कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(घ) के तहत कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार 11 अप्रैल 2026 की रात थाना राजपुर पुलिस की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक जेएच01जीएन-8143 में मवेशियों को क्रूरता पूर्वक भरकर अंबिकापुर से राजपुर होते हुए गुमला (झारखंड) ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने थाना के सामने अंबिकापुर रोड पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में चालक और वाहन स्वामी ने पुलिस को भ्रामक जानकारी देने का प्रयास किया। सख्ती से पूछताछ करने पर वाहन स्वामी ने अपना नाम संदीप बड़ाईक और चालक ने संदीप साहू बताया। जांच में सामने आया कि ग्राम जयनगर निवासी देवेश कुमार मिश्रा उर्फ गुड्डू पंडित ने दो गाय और दो बछिया को गुमला भेजने के लिए वाहन में लोड कराया था।

पुलिस ने पाया कि मवेशियों को वाहन में अमानवीय तरीके से ठूंसकर बांधा गया था। इसके बाद वाहन सहित मवेशियों को जब्त कर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले में तीन आरोपितों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी, जबकि देवेश कुमार मिश्रा उर्फ गुड्डू पंडित और मोहम्मद सलमान घटना के बाद से फरार चल रहे थे।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना राजपुर पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम लगातार फरार आरोपितों की तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर दोनों आरोपितों को साेमवार को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।

बलरामपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पशु तस्करी, अवैध परिवहन या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।