रायपुर, 11 मई । राजधानी रायपुर में दो सट्टेबाजों को बेटिंग साइट का पैनल और लिंक बेचने के आरोप में रामसागरपारा के लोकेश अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित के मोबाइल फोन और बैंक एकाउंट की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार कबीरनगर पुलिस ने कोटा में आकाश टांडी और मोहम्मद आरिफ को सट्टेबाजी मामले में गिरफ्तार किया था। दोनों की गिरफ्तारी के बाद से लोकेश फरार था, जिसे अब पकड़ लिया गया है।
एसीपी आजाद चौक ईशु अग्रवाल ने साेमवार काे पत्रकाराें काे बताया कि, आरोपित लोकेश अग्रवाल ऑनलाइन सट्टे के सिंडिकेट का मास्टर पैनल संचालक है। 14 अप्रैल को कबीरनगर पुलिस ने आकाश टांडी 31 वर्ष मस्जिद के पास कोटा और मोहम्मद आरिफ 50 वर्ष कोटेश्वर नगर कोटा को परमानंद नगर रेलवे ट्रैक के पास से गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 4 स्मार्ट फोन और करीब 5 लाख कैश जब्त किए गए थे। दोनों से पूछताछ और मोबाइल के फोरेंसिक विश्लेषण से पता चला कि लोकेश अग्रवाल से आईडी लेकर काम करते थे। हालांकि दोनों आरोपिताें के गिरफ्तार होते ही लोकेश अग्रवाल फरार हो गया था। आरोपित से जब्त दो सेलफोन की जांच में कई राज खुलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि आरोपित ऑल पैनल 777 सहित कई बेटिंग वेबसाइट्स का मास्टर पैनल चला रहा था। मटका सट्टा के लोग, संचालन में भी हाथ पाया गया है। रायपुर और आसपास के जिलों में उसका बड़ा नेटवर्क होने के सुराग मिले हैं। हर दिन लाखों का अवैध लेनदेन होता रहा है। संदिग्ध कैश के लेनदेन वाले बैंक खातों की जांच कर रहे हैं।