रायपुर 08 मई । राजधानी रायपुर नगर निगम में नए आयुक्त की नियुक्ति कर दी गई है। 2018 बैच के आईएएस अधिकारी संबित मिश्रा अब नगर निगम की कमान संभालेंगे। वे सोमवार 11 मई को पदभार ग्रहण करेंगे। प्रशासनिक ताैर पर उनकी पहचान फील्ड में सक्रिय रहने वाले और तकनीक आधारित कामकाज को बढ़ावा देने वाले अधिकारी के रूप में रही है।
ओडिशा के भुवनेश्वर से ताल्लुक रखने वाले संबित मिश्रा ने यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया 51वीं रैंक हासिल की थी। इंजीनियरिंग की पढ़ाई उन्होंने आईआईटी कानपुर से की, जबकि पब्लिक मैनेजमेंट में मास्टर्स की डिग्री जेएनयू से ली।
अब तक के कार्यकाल में संबित मिश्रा ने नगरीय प्रशासन से लेकर पंचायत और नक्सल प्रभावित इलाकों तक काम किया है। रायगढ़ नगर निगम आयुक्त, जशपुर जिला पंचायत सीईओ और कोरबा जिला पंचायत सीईओ जैसे पदों पर रहते हुए उन्होंने कई योजनाओं की मॉनिटरिंग और क्रियान्वयन संभाला।
बीजापुर कलेक्टर के रूप में उनकी कार्यशैली सबसे ज्यादा चर्चा में रही। नक्सल प्रभावित गांवों में पहुंचकर सीधे ग्रामीणों से संवाद करना और मौके पर समस्याओं का समाधान निकालना उनकी खास पहचान बना। अब रायपुर नगर निगम में उनके सामने शहर की सफाई व्यवस्था, जलभराव, ट्रैफिक, अवैध निर्माण, अतिक्रमण और टैक्स वसूली जैसी बड़ी चुनौतियां होंगी। साथ ही स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की गति और जमीनी मॉनिटरिंग पर भी उनकी कार्यशैली की परीक्षा होगी।