बिलासपुर : पीएम आशा योजना के तहत किसानों का पंजीयन 28 तक

Posted on: 2026-02-19


बिलासपुर, 19 फरवरी 2026

जिले में प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान योजना (पी.एम. आशा योजना) के तहत प्राईस सपोर्ट स्कीम अन्तर्गत किसानों का पंजीयन एकीकृत किसान पोर्टल में किया जाना है। योजना अन्तर्गत रबी विपणन वर्ष 2026-27 में चना, मसूर, एवं सरसों फसलों की बुवाई करने वाले किसान अपना पंजीयन 28 फरवरी 2026 तक करवा सकते है। इन फसलों की बुवाई करने वाले कृषक अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के माध्यम से सेवा सहकारी समितियों में आवेदन पत्र के साथ ऋण पुस्तिका, बी-1, पी-2, आधार कार्ड एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति जमा कर किसान डॉट सीजी डॉट एनआईसी डॉट इन (Kisan.cg.nic.in) पोर्टल पर पंजीयन करवा सकते है।
         पीएम आशा योजना अन्तर्गत शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा में रबी विपणन वर्ष 2026-27 में चना, मसूर एवं सरसों फसल प्राईस सपोर्ट स्कीम के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य पर जिलें के चिन्हाकिंत केन्द्रीय एजेंसी भारती राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ मर्यादित (नेफेड) द्वारा पंजीकृत कृषकों की फसलों का उपार्जन किया जाएगा। इस योजना अन्तर्गत भारत सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य जिसमें चना-5875 रू. मसूर-7000 रू. एवं सरसों-6500 रू. न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रति क्विटल तय किया गया है। शासन द्वारा जिलें में उपार्जन एवं भंडारण के लिए उपार्जन केन्द्र के रूप में विकासखण्ड बिल्हा से सेवा सहकारी समिति-बिल्हा, सेंदरी सम्बद्ध भंडारण केन्द्र-बिलासपुर विकासखण्ड-मस्तुरी से सेवा सहकारी समिति जयरामनगर, सम्बद्ध भंडारण केन्द्र-जयरामनगर विकासखण्ड-तखतपुर से सेवा सहकारी समिति तखतपुर सम्बद्ध भंडारण केन्द्र-तखतपुर तथा विकास खण्ड-कोटा से सेवा सहकारी समिति कोटा सम्बद्ध भंडारण केन्द्र-बिलासपुर का चयन एवं अधिसूचित किए गए है। कृषकों से फसल उपार्जन कार्य सप्ताह में 5 दिवस (सोमवार से शुक्रवार) किया जाएगा। योजना अन्तर्गत शासन द्वारा पंजीकृत कृषकों से रबी फसल चना 6 क्विटल, मसूर-2 क्विटल एवं सरसों 5 क्विटल प्रति एकड़ की दर से कृषकों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाएगी। किसान भाईयों से अपील है कि अपने क्षेत्र के संबंधित समिति में पंजीयन कराते हुए न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों का विक्रय कर सकते है।