धमतरी में महाशिवरात्रि पर शिवालयाें में उमड़ा शिव भक्तों की भीड़

Posted on: 2026-02-15


धमतरी, 15 फ़रवरी । महाशिवरात्रि का पावन पर्व आज रविवार काे धमतरी जिले में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शहर से लगे हुए ग्राम रुद्री के महानदी स्थित ऐतिहासिक रुद्रेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। श्रद्धालु अलसुबह से ही यहां पहुंचे गए थे। शिव मंदिर में भक्तों की भीड़ लगी रही। बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में शिवलिंग का जल अभिषेक करने श्रद्धालुओं की कतार लगी रही।

भक्तों ने रुद्रेश्वर महादेव मंदिर में शिवलिंग का जलाभिषेक कर मनोकामना के लिए पूजा अर्चना की। श्रद्धालुओं की कतार सुबह चार बजे से लग गई। ग्राम रुद्री स्थित रुद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर में मेला सा माहौल है। यहां पर छुटपुट मनिहारी दुकानें और खाने पीने की वस्तुओं से संबंधित दुकानें लगी हुई है। बोल बम कांवरिया संघ के सदस्य और श्रद्धालु अलसुबह रुद्रेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के बाद महानदी से जल लेकर रुद्री रोड गोकुलपुर मार्ग से होते हुए मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचे। मां विंध्यवासिनी की पूजा अर्चना करने के बाद सभी शिवभक्तों का जत्था रामबाग सदर मार्ग होते हुए इतवारी बाजार स्थित प्राचीन बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर पहुंचा। यहां पर शिवलिंग को जलाभिषेक करने के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया। शहर के महाकालेश्वर मंदिर, रिसाई पारा स्थित नागेश्वर मंदिर, हटकेशर वार्ड के नागदेव मंदिर, सोरिद, बठेना, पोस्ट ऑफिस वार्ड के शिव मंदिर सहित शहर के अन्य शिवालयों में दिनभर भजन कीर्तन और दर्शन लाभ का सिलसिला चलता रहा। महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर के प्राचीनतम मंदिरों में से एक बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में गुरुवार सुबह पांच बजे से 24 घंटे का अखंड जलाभिषेक शुरू हुआ था, जिसका समापन सुबह पांच बजे हुआ। शिवलिंग का जलाभिषेक करने काफी तादाद में श्रद्धालु पहुंचे। सभी ने बारी-बारी से पहुंचकर जलाभिषेक किया, और भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।

रुद्रेश्वर महादेव मंदिर में भोलेनाथ का दर्शन पूजन करने के लिए शहर के अलावा आसपास के गांव से काफी तादाद में श्रद्धालु पहुंचते हैं। भक्तों की सुविधा और मंदिर परिसर में व्यवस्था बनाने के उद्देश्य से यहां अलग-अलग स्थानों पर पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था रही। पुलिस टीम सुबह से लेकर शाम तक यहां व्यवस्था बनाने में डटी रही।