स्वयं फाइलेरिया रोधी दवाई खाकर जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित

Posted on: 2026-02-12


सूरजपुर । फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के अंतर्गत आज सूरजपुर विकासखंड के तिलसिंवा स्थित मुख्यमंत्री डीएवी पब्लिक स्कूल में सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी ने स्वयं शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति में दवा का सेवन किया तथा सभी को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए सामूहिक दवा सेवन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से आग्रह किया कि कोई भी व्यक्ति दवा सेवन से वंचित न रहे। साथ ही बच्चों से अपील की कि वे घर जाकर अपने परिवारजनों, पड़ोसियों एवं ग्रामवासियों को भी दवा सेवन के लिए प्रेरित करें और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करें।

उन्होंने जानकारी दी कि कलेक्टर  एस. जयवर्धन के मार्गदर्शन में सूरजपुर जिले के तीन विकासखंड - सूरजपुर, रामानुजनगर एवं प्रेमनगर - में 10 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर दवा वितरण कर रही हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्थानों पर बूथ भी बनाए गए हैं तथा निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों में एमडीए के लिए टीम तैनात है।

जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं, उनके पालक एवं शिक्षक दवा सेवन करेंगे। अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

कार्यक्रम में डीईओ के साथ डीएमसी मनोज साहू, सहायक संचालक रविंद्र सिंह देव, जिला परियोजना अधिकारी डॉ. मोहन साहू, विद्यालय की प्राचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।