Posted on:
जर्मनी के नूर्नबर्ग में आयोजित जैविक उत्पादों के विश्व के अग्रणी व्यापार मेले, बायोफैच 2026 में भारत को प्रतिष्ठित 'वर्ष का सर्वश्रेष्ठ देश' का सम्मान प्रदान किया गया है। यह सम्मान 14 वर्षों के बाद वैश्विक जैविक कृषि के केंद्र में भारत की वापसी का प्रतीक है। बायोफैच का आयोजन इस महीने की 13 तारीख तक चलेगा।
कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) द्वारा आयोजित इस मेले में भारत की भागीदारी 1,074 वर्ग मीटर के एक मंडप के माध्यम से होगी, जिसमें निर्यातकों, किसान उत्पादक संगठनों (FPO) और राज्य सरकार के निकायों सहित 67 सह-प्रदर्शक भाग लेंगे। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा कि मेले में भारत की भागीदारी देश की समृद्ध कृषि विरासत और जैविक उत्पादों के प्रमुख वैश्विक आपूर्तिकर्ता के रूप में इसकी ताकत को उजागर करेगी।
इस पवेलियन में चावल, तिलहन, जड़ी-बूटी, मसाले, दालें, काजू, अदरक, हल्दी, बड़ी इलायची, दालचीनी, आम की प्यूरी और आवश्यक तेलों सहित कई प्रकार के जैविक उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।
भारत के पैवेलियन में 20 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रदर्शक भाग ले रहे हैं, जो देश की विशाल कृषि और क्षेत्रीय विविधता को दर्शाते हैं।