कश्मीर की बेटियां अब अपनी पहचान संघर्ष से नहीं, खेलों में हुनर और उपलब्धियों से बना रही हैं. ताइक्वांडो के मैट से राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का उनका सपना अब आकार लेने लगा है. रांची के गणपत राय इंडोर स्टेडियम में चल रही राष्ट्रीय स्कूली ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर की बड़ी संख्या में बालिका खिलाड़ियों की मौजूदगी घाटी में बदलते खेल माहौल की कहानी बयां कर रही है.
खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के अनुसार, पिछले चार-पांच वर्षों में जम्मू-कश्मीर में खेलों के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ा है. उनका मानना है कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद खेलों को नये अवसर और प्रोत्साहन मिले हैं. अब क्रिकेट, फुटबॉल से लेकर ताइक्वांडो जैसे खेलों में भी युवा करियर बनाने के लिए आगे आ रहे हैं.
राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीत चुकी जैनब अब देश के लिए पदक जीतना चाहती हैं. वह कहती हैं कि कश्मीर में खेलों को लेकर नयी जागरूकता आयी है. माता-पिता का पूरा समर्थन मिल रहा है. वहीं, अनम खान के अनुसार, घाटी के युवा क्रिकेट, फुटबॉल और मार्शल आर्ट सहित विभिन्न खेलों में दिलचस्पी ले रहे हैं.
टीम अधिकारी शब्बीर अहमद रांची के खेलगांव की सुविधाओं से प्रभावित हैं. उनका कहना है कि जम्मू-कश्मीर में भी ऐसी खेल सुविधाएं होनी चाहिए. उपराज्यपाल के नेतृत्व में प्रशासन खेलों को प्रोत्साहित कर रहा है और फंड की कमी आड़े नहीं आने दी जा रही है. इसका असर दिख रहा है. खिलाड़ी राष्ट्रीय टीमों में जगह बनाने के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं.