परिसीमन बिल पर समर्थन के बदले सत्ता में हिस्सेदारी चाहती है शरद पवार की NCP

Posted on: 2026-11-28


संसद के विशेष सत्र के दौरान मोदी सरकार द्वारा परिसीमन बिल को लोक सभा में पेश किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि इस बिल का सदन में केंद्र सरकार को शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) का समर्थन मिल सकता है, जो कि विपक्ष के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। वहीं इस बिल के समर्थन में NCP (SP) केंद्र और महाराष्ट्र सरकार में हिस्सेदारी की मांग कर रही है। सियासी गलियारों में यह भी अटकलें लगाई जा रही है कि शरद पवार की पार्टी इंडिया गठबंधन को छोड़कर एनडीए में शामिल हो सकती है।

NDTV की अपनी एक रिपोर्ट में लिखा कि संसद का विशेष सत्र शुरू होने से पहले इस संभावित समझौते को अंतिम रूप देने की भी कोशिश तेज हो गई है। लोक सभा में 30 नवंबर और राज्य सभा में 2 दिसंबर से प्रस्तावित कार्यवाही के बीच NCP-SP के रुख पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि केंद्र सरकार में शरद पवार की पार्टी अपनी भागेदारी चाहती है। इसके लिए सांसद सुप्रिया सुले को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल करने की भी मांग रखी गई है। बता दें कि NCP (SP) सांसद सुप्रिया सुले INDIA गठबंधन के साथ कथित चुनावी अनियमितताओं के विरोध में हुए प्रदर्शनों में सक्रिय रही थीं। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में परिसीमन पर उनके सुर नरम पड़े हैं। उन्होंने कहा कि लोक सभा सीटों में 50 प्रतिशत की समान वृद्धि से राज्यों के प्रतिनिधित्व में कमी आने की आशंका दूर हो सकती है।