संभवनाथ जिनालय के प्रथम ध्वजा उत्सव के बाद मुनिभगवंतों की भावुक विदाई

Posted on: 2026-11-27


रायपुर  एक ओर संभवनाथ जिनालय के चल मंदिर की पहली ध्वजा फहराने का उत्साह था, तो दूसरी ओर मुनिश्री के विहार की घड़ी आते ही माहौल भावुक हो गया। सुबह से धार्मिक आयोजनों में जुटे श्रावक-श्राविकाओं की आंखें उस समय नम हो गईं, जब दोपहर 3 बजे मुनि संवेगरत्नसागर ने अगले विहार के लिए प्रस्थान किया। बड़ी संख्या में मौजूद समाजजनों ने भारी मन से मंगलकामनाओं के साथ उन्हें विदाई दी। मुनिश्री का विहार चौबे कॉलोनी के लिए हुआ। यहां से वे प्रतिदिन विहार करते हुए वारासिवनी, बालाघाट पहुंचेंगे।

इससे पहले गुरुवार सुबह विवेकानंद नगर में भगवान संभवनाथ के जयकारों और भक्ति गीतों के बीच भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सफेद और केसरिया परिधानों में शामिल श्रावक-श्राविकाएं शैलेंद्र नगर और टैगोर नगर होते हुए संभवनाथ जिनालय पहुंचे। यहां सत्तरभेदी पूजा के बाद विधि-विधान से चल मंदिर की पहली ध्वजा फहराई गई। स्थानीय जैन समाज के तत्वावधान में आयोजित समारोह में चतुर्विध संघ सहित बड़ी संख्या में समाजजनों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ रत्न जिनपीयूषसागरसूरीश्वर के शिष्यरत्न मुनि संवेगरत्नसागर आदि ठाणा-5 तथा प.पू. कैवल्यधाम तीर्थ प्रेरिका निपुणा श्रीजी की विदुषी शिष्या प्रवचन प्रभाविका मंजुला श्रीजी आदि ठाणा की निश्रा रही।

यह जानकरी देते हुए चातुर्मास समिति के महासचिव सुरेश बरड़िया ने बताया कि सुबह 8.30 बजे शुरू हुई शोभायात्रा के जिनालय पहुंचने के बाद सुबह 9 बजे विधिकारक विमल गोलछा ने सत्तरभेदी पूजा संपन्न कराई। इसके बाद लाभार्थी परिवार की ओर से प्रथम ध्वजारोहण किया गया। जिनालय की पहली ध्वजा का लाभ मातुश्री अमरादेवी मिलापचंद बरड़िया परिवार को मिला। वहीं दादा गुरुदेव की ध्वजा के लाभार्थी मोतीलालजी-संपतबाई दुग्गड़ परिवार, रायपुर-धमतरी रहे।