देश के लिए खेलने का सपना देख रहीं आयाना, लिएंडर पेस की बेटी ने जताई इच्छा

Posted on: 2026-11-27


भारतीय टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस की बेटी आयाना पेस भी अपने पिता की तरह अंतरराष्ट्रीय टेनिस में देश का नाम रोशन करना चाहती हैं। 20 वर्षीय आयाना ने भविष्य में भारत की ओर से खेलने की इच्छा जाहिर की है। उनका सपना है कि उन्हें एक दिन भारतीय जर्सी पहनकर अंतरराष्ट्रीय टेनिस प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिले। हालांकि, इस राह में नागरिकता और खेल पात्रता से जुड़े नियम एक बड़ी चुनौती बने हुए हैं। आयाना फिलहाल ब्रिटिश नागरिक हैं और अंतरराष्ट्रीय टेनिस में ब्रिटेन की खिलाड़ी के रूप में हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने कोलकाता में आयोजित एचसीएल आईटीएफ डब्ल्यू15 टेनिस प्रतियोगिता के दौरान भारत के लिए खेलने की अपनी इच्छा जाहिर की। आयाना का कहना है कि अगर भविष्य में नियमों के तहत ऐसा संभव हो पाता है तो भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए बेहद खास होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस दिशा में कोई रास्ता निकल सकता है। आयाना ने कहा कि वह भारत के लिए खेलना पसंद करेंगी और अगर सभी चीजें अनुकूल रहीं तो यह उनके लिए शानदार अनुभव होगा

आयाना ने यह बात कोलकाता के बंगाल टेनिस एसोसिएशन परिसर में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान कही। यह भारतीय जमीन पर उनका पहला पेशेवर टेनिस टूर्नामेंट था। उन्होंने भारतीय युवा खिलाड़ी अर्जन खोराकीवाला के साथ महिला युगल मुकाबले में हिस्सा लिया। दोनों खिलाड़ियों को वाइल्ड कार्ड के जरिए मुख्य ड्रॉ में जगह मिली थी। हालांकि, उनका सफर प्री-क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। भारतीय जोड़ी को दक्षिण कोरिया की ओन्यू चोई और रूस की मारिया पंक्रातोवा के खिलाफ 1-6, 2-6 से हार का सामना करना पड़ा। नतीजा भले ही उनके पक्ष में नहीं रहा, लेकिन भारतीय कोर्ट पर खेलना आयाना के लिए एक खास अनुभव रहा।

आयाना के टेनिस करियर की बात करें तो उन्होंने अपने खेल को बेहतर बनाने के लिए कई देशों में प्रशिक्षण लिया है। उन्होंने अमेरिका की प्रतिष्ठित बोलिटिएरी आईएमजी अकादमी में दो साल तक ट्रेनिंग की। इसके बाद करीब तीन साल तक स्पेन के बार्सिलोना में क्ले कोर्ट पर अभ्यास किया। स्पेन में प्रशिक्षण लेने के बाद क्ले कोर्ट उनके पसंदीदा खेल मैदानों में शामिल हो गया है। वह टेनिस के साथ-साथ अपनी पढ़ाई पर भी ध्यान दे रही हैं और अमेरिका के व्हार्टन स्कूल से ऑनलाइन बिजनेस की पढ़ाई कर रही हैं। इससे उन्हें पढ़ाई और खेल के बीच संतुलन बनाने में मदद मिल रही है। आयाना का लक्ष्य केवल टेनिस प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना नहीं, बल्कि लगातार अपने खेल में सुधार करना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर परिणाम हासिल करना है