बिलासपुर अपर मुख्य सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने कहा कि कौशल प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाता है। यही आत्मविश्वास आत्मनिर्भर बनने का आधार है।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवतियां नौकरी के साथ अपने गांव में सिलाई दुकान और बुटीक संचालित कर स्वरोजगार की राह भी चुन सकती हैं। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार स्थापित करने की इच्छुक प्रशिक्षार्थियों को शासन की योजनाओं से जोड़कर ऋण उपलब्ध कराने में मदद की जाएगी। पिंगुआ आज शाही एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आजीविका कॉलेज निपनिया में संचालित कौशल प्रशिक्षण केन्द्र के प्रमाणपत्र एवं जॉब ऑफर लेटर वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कुमार अग्रवाल उपस्थित थे।
पिंगुआ ने महिला प्रशिक्षार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के बाद उनके आत्मविश्वास में आया बदलाव सुखद है। आज सिलाई और बुटीक जैसे स्वरोजगार की काफी संभावनाएं हैं। वे अपने हुनर का उपयोग कर आर्थिक रूप से सशक्त बनें और अपने आचरण एवं कार्य से आसपास के लोगों को भी प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि बड़े अवसरों का लाभ लेने के लिए कई बार घर से बाहर निकलना पड़ता है। आगे बढ़ने का संकल्प मजबूत हो तो छोटी-मोटी कठिनाइयों को दूर किया जा सकता है। उन्होंने कार्यक्रम में अभिभावकों की सहभागिता की सराहना करते हुए प्रशिक्षार्थियों, जिला प्रशासन और कंपनी के प्रतिनिधियों को इस पहल के लिए बधाई दी।