पाकिस्तान में 3 रुपए तक सस्ता हुआ पेट्रोल-डीजल, म्यांमार-श्रीलंका में भी राहत

Posted on: 2026-11-20


पड़ोसी देश पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में एक बार फिर कटौती की गई है. सरकार ने दोनों ईंधनों के दाम 3-3 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर घटा दिए हैं. नई कीमतें 19 नवंबर से लागू हो गई हैं. उधर, म्यांमार, UAE और श्रीलंका समेत दुनिया के कई देशों में भी पेट्रोल-डीजल के दाम पहले के मुकाबले नीचे आए हैं. ऐसे में भारतीय वाहन चालकों के मन में भी सवाल उठ रहा है कि जब दूसरे देशों में राहत मिल रही है, तो भारत में पेट्रोल-डीजल सस्ता क्यों नहीं हो रहा

पाकिस्तान की सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल दोनों की कीमतों में 3-3 रुपए प्रति लीटर की कटौती की है. इसके बाद वहां पेट्रोल 322 रुपए और डीजल 355 रुपए प्रति लीटर हो गया है.

इससे पहले मंगलवार को भी पाकिस्तान में पेट्रोल 3 रुपए सस्ता किया गया था. उस समय डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ था. नई कीमतों का ऐलान ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) ने बुधवार को नोटिफिकेशन जारी करके किया

ईरान युद्ध शुरू होने के बाद दुनिया के कई देशों में पेट्रोल-डीजल के दाम काफी बढ़ गए थे. म्यांमार में पेट्रोल कभी दोगुने तक महंगा हो गया था. अब भी यह युद्ध शुरू होने के मुकाबले 74.8% महंगा है. डीजल के दाम में 77.6% की बढ़ोतरी बनी हुई है.

UAE में पेट्रोल की कीमतें एक समय 83.7% तक बढ़ गई थीं, जो अब घटकर 73.4% ज्यादा रह गई हैं. डीजल भी पहले 90.5% महंगा था, लेकिन अब इसकी बढ़ोतरी 88.5% रह गई है. पाकिस्तान में भी पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी पहले 46.9% थी, जो अब घटकर 25.9% रह गई है. डीजल में यह बढ़ोतरी 43.6% से घटकर 29.9% पर आ गई है. श्रीलंका, बांग्लादेश, चीन, अमेरिका और नेपाल में भी तेल की कीमतों में कुछ राहत मिली है.