रायपुर, 18 नवंबर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में लगातार दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। आज बुधवार को पुलिस ने मामले में चार आरोपितों और विधि से संघर्षरत तीन बालकों सहित कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी के 13 दोपहिया वाहन, जिनमें सात बुलेट शामिल हैं, बरामद किए गए हैं। वहीं, वारदातों में इस्तेमाल किए गए तीन अन्य दोपहिया वाहनों को भी जब्त किया गया है। जब्त कुल 16 वाहनों की कीमत करीब 18 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देश पर वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम गठित की गई थी। टीम द्वारा चोरी के घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से आरोपिताें की पतासाजी की जा रही थी।
इसी दौरान 17 नवंबर 2026 को डी.डी. नगर थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग और संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान पुलिस को एक बुलेट सवार युवक दिखाई दिया। उसकी गाड़ी में पीछे की नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर वाहन को रोककर जांच की। चालक ने अपनी पहचान दीप छाबड़िया (21), निवासी कोटा, थाना सरस्वती नगर, रायपुर के रूप में बताई। वाहन के वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
सख्ती से पूछताछ करने पर दीप ने बुलेट चोरी की होने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि अपने साथी रूद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस, शुभम पटले और कृष्ण कुमार सिंह सहित अन्य साथियों के साथ मिलकर पुरानी बस्ती क्षेत्र से वाहन चोरी किया था। इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों और तीन अपचारी बालकों को भी पकड़ लिया।
घूम-घूमकर करते थे वाहन चोरी
पूछताछ में गिरोह ने रायपुर के डी.डी. नगर, कोतवाली, पुरानी बस्ती और टिकरापारा थाना क्षेत्रों से कुल 13 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। इनमें सात बुलेट शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी संगठित रूप से गिरोह बनाकर शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमते थे और खास तौर पर बुलेट सहित अन्य दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे।
वाहन चोरी करने के लिए गिरोह के सदस्य पहले लॉक तोड़ते थे। इसके बाद एक सदस्य चोरी किए गए वाहन को चलाता था, जबकि अन्य सदस्य अपने साथ लाए दोपहिया वाहन से पीछे से पैर लगाकर धक्का देते हुए उसे ले जाते थे। चोरी के बाद पहचान छिपाने के लिए वाहनों की नंबर प्लेट निकाल देते थे या बदल देते थे। इसके अलावा वाहनों पर लगे पहचान संबंधी निशानों को मिटाने और पार्ट्स बदलने का भी प्रयास करते थे।
16 दोपहिया वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी के 13 दोपहिया वाहन, जिनकी कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये है, बरामद किए। इसके अलावा घटनाओं में इस्तेमाल एथर, आई-क्यूब और बर्गमैन सहित तीन दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब दो लाख रुपये है। इस तरह कुल 18 लाख 50 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
चोरी किए गए सभी 13 वाहनों के संबंध में डी.डी. नगर, कोतवाली, पुरानी बस्ती और टिकरापारा थानों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 305 के तहत अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने गिरोह बनाकर संगठित रूप से वारदातों को अंजाम देने के तथ्य सामने आने पर प्रकरणों में धारा 112 और 3(5) बीएनएस भी जोड़ी है।
गिरफ्तार आराेपिताें में दीप छाबड़िया (21), निवासी कल्पतरू कॉलोनी, कोटा रोड, थाना सरस्वती नगर, रूद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस (18), निवासी शांति विहार कॉलोनी, डंगनिया, थाना डीडी नगर, शुभम पटले (22), निवासी रायपुरा, थाना डीडी नगर, कृष्ण कुमार सिंह (21), निवासी जेडी कॉम्प्लेक्स के पीछे, थाना कबीर नगर, विधि से संघर्षरत तीन बालक शामिल है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपितों और अपचारी बालकों से वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों की पहचान कर उनकी भूमिका की जांच भी की जा रही है।