बॉलीवुड की कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जिनके सीन सालों बाद भी दर्शकों को याद रहते हैं. सलमान खान और माधुरी दीक्षित की फिल्म 'हम आपके हैं कौन..!' का एक ऐसा ही मजेदार सीन है, जिसमें दोनों भागते-भागते बेड पर गिर जाते हैं और बेड टूट जाता है. इस सीन को देखकर दर्शक खूब हंसे थे. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस सीन के पीछे डायरेक्टर सूरज बड़जात्या की असल जिंदगी का एक किस्सा छिपा है? हाल ही में उन्होंने खुद इस राज से पर्दा उठाया है
सूरज बड़जात्या ने 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के सीजन 5 में इस सीन के पीछे की कहानी सुनाई. शो में आयुष्मान खुराना ने उनसे सलमान और माधुरी के इस आइकॉनिक सीन के बारे में पूछा था. इस पर सूरज ने बताया कि जब वह 13 साल के थे, तब मुंबई में एक शादी में शामिल हुए थे.
साल 1994 में रिलीज हुई 'हम आपके हैं कौन..!' में सलमान खान और माधुरी दीक्षित लीड रोल में थे. फिल्म में मोहनीश बहल और रेणुका शहाणे भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे. इसकी कहानी, पारिवारिक रिश्तों और शानदार गानों ने दर्शकों का दिल जीत लिया था. 'दीदी तेरा देवर दीवाना', 'पहला पहला प्यार' और 'जूते दो पैसे लो' जैसे गाने आज भी पसंद किए जाते हैं.
शो में सूरज बड़जात्या के गुस्से पर भी बात हुई. अर्चना पूरन सिंह ने पूछा कि क्या उन्हें कभी गुस्सा आता है? इस पर सूरज ने मजाक में कहा कि अभिषेक और करीना कपूर से पूछना चाहिए, क्योंकि उन्होंने उनका गुस्सा देखा है. वहीं, जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने किसी को सबसे ज्यादा कब डांटा, तो उन्होंने सलमान खान का नाम लेते हुए कहा कि उनसे पूछिए कि उन्होंने सलमान को कितना डांटा है.