कोलंबो में बिम्सटेक स्वास्थ्य मंत्रियों की पहली बैठक, जेपी नड्डा ने क्षेत्रीय सहयोग पर दिया जोर

Posted on: 2026-11-11


केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित पहली बिम्सटेक स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय स्वास्थ्य सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने आयुष्मान भारत, सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ बनाने और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज की दिशा में भारत की प्रगति का उल्लेख किया।

नड्डा ने स्वास्थ्य सुरक्षा, महामारी से निपटने की तैयारी, ‘वन हेल्थ’ दृष्टिकोण और पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में बिम्सटेक सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत इन क्षेत्रों में अपनी विशेषज्ञता और बेहतर कार्यप्रणालियों को सदस्य देशों के साथ साझा करने के लिए तैयार है।

केंद्रीय मंत्री ने गुजरात के जामनगर में पारंपरिक चिकित्सा के लिए बिम्सटेक उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने की भारत की प्रतिबद्धता भी दोहराई। इस केंद्र का उद्देश्य संयुक्त अनुसंधान, क्षमता निर्माण और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत बिम्सटेक क्षेत्र को अधिक स्वस्थ, समावेशी और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ‘बिम्स्टेक स्वास्थ्य मंत्रियों की पहली बैठक’ में भाग लेने के लिए श्रीलंका की राजधानी कोलंबो पहुंचे हैं।