क्रिकेट स्कॉटलैंड की बड़ी घोषणा, अफगानिस्तान के साथ आईसीसी इवेंट्स के अलावा कोई मैच नहीं

Posted on: 2026-11-10


अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बार फिर बड़ा विवाद सामने आया है। क्रिकेट स्कॉटलैंड ने अफगानिस्तान के खिलाफ द्विपक्षीय और त्रिकोणीय सीरीज नहीं खेलने का फैसला किया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि उसकी पुरुष टीम अब अफगानिस्तान के खिलाफ केवल उन्हीं मुकाबलों में खेलेगी, जिनका आयोजन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के टूर्नामेंट के तहत अनिवार्य होगा। इस फैसले के पीछे अफगानिस्तान में तालिबान सरकार के शासन में महिलाओं और लड़कियों के साथ हो रहे व्यवहार तथा मानवाधिकारों से जुड़े मुद्दों को वजह बताया गया है। क्रिकेट स्कॉटलैंड की यह घोषणा ऐसे समय में आई है, जब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) भी अफगानिस्तान के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट संबंधों को लेकर इसी तरह का रुख अपना चुके हैं

क्रिकेट स्कॉटलैंड ने 9 नवंबर को जारी अपने बयान में कहा कि जब तक अफगानिस्तान में महिला क्रिकेट और व्यापक मानवाधिकारों से जुड़ी परिस्थितियों में कोई ठोस बदलाव नहीं आता, तब तक वह अफगानिस्तान की पुरुष टीम के साथ द्विपक्षीय सीरीज आयोजित नहीं करेगा। इसके अलावा स्कॉटलैंड किसी ऐसी त्रिकोणीय सीरीज में भी हिस्सा नहीं लेगा, जिसमें अफगानिस्तान की टीम शामिल हो। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि आईसीसी प्रतियोगिताओं के बाहर अफगानिस्तान की टीम के लिए प्री-टूर ट्रेनिंग कैंप, अभ्यास मैच या वार्म-अप मुकाबलों की मेजबानी नहीं की जाएगी।

हालांकि, क्रिकेट स्कॉटलैंड ने आईसीसी के नियमों के तहत होने वाले मुकाबलों को लेकर अपना रुख स्पष्ट रखा है। बोर्ड ने कहा है कि वह आईसीसी के किसी टूर्नामेंट में अफगानिस्तान के खिलाफ निर्धारित मैचों में हिस्सा लेगा। इसमें वे वार्म-अप मुकाबले भी शामिल होंगे, जो आईसीसी प्रतियोगिता के नियमों के तहत तय किए जाते हैं। बोर्ड ने यह भी साफ किया कि ऐसे मुकाबलों में भाग लेने को अफगानिस्तान की मौजूदा सरकार या उसकी नीतियों का समर्थन नहीं माना जाना चाहिए।

इस फैसले के पीछे सबसे बड़ी वजह अफगानिस्तान में महिलाओं और लड़कियों की स्थिति है। अगस्त 2021 में तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद से महिलाओं की शिक्षा, रोजगार और सार्वजनिक जीवन में भागीदारी पर कई तरह की पाबंदियां लगाई गई हैं। महिला खेलों की गतिविधियां भी लगभग समाप्त हो गई हैं। क्रिकेट स्कॉटलैंड ने कहा कि महिलाओं और लड़कियों के क्रिकेट का विकास उसकी प्रमुख रणनीतिक प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में अफगानिस्तान के साथ क्रिकेट संबंधों की समीक्षा करना उसके लिए जरूरी था। बोर्ड ने मानवीय परिस्थितियों और खेल में समानता के अपने सिद्धांतों को भी फैसले का आधार बताया है