बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर को लेकर एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने उनके फैंस को हैरान कर दिया है। अपनी दमदार एक्टिंग और अलग-अलग तरह के किरदारों से दर्शकों के दिलों में जगह बनाने वाले रणबीर कपूर ने अपने भविष्य के करियर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। अभिनेता का कहना है कि एक एक्टर के तौर पर यह उनका आखिरी दशक हो सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि वह जल्द ही फिल्मों से दूरी बनाने जा रहे हैं। दरअसल, रणबीर कपूर अब अभिनय के साथ-साथ फिल्म निर्देशन की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाना चाहते हैं।
रणबीर के इस बयान के बाद बॉलीवुड में उनके अगले कदम को लेकर चर्चा तेज हो गई है। खास बात यह है कि अभिनेता ने अपने निर्देशन के सपने को लेकर भी खुलकर बात की है। वह आने वाले दो से तीन साल में अपनी पहली फिल्म डायरेक्ट करना चाहते हैं।
रणबीर कपूर ने यह बात नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' के प्रमोशन के दौरान BBC Asian News Network को दिए गए संयुक्त इंटरव्यू में कही। उनके साथ अभिनेत्री साई पल्लवी भी मौजूद थीं। बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि वह एक्टिंग के साथ स्क्रिप्ट लिखने के लिए समय कैसे निकालते हैं, तो रणबीर ने बताया कि वह साल में करीब 100 से 125 दिन ही काम करते हैं। उनके पास बाकी समय कहानियों पर सोचने और लिखने के लिए रहता है।
रणबीर कपूर ने बताया कि उन्होंने कुछ महीने पहले ही अपनी फिल्म की स्क्रिप्ट लिखना शुरू किया है। उनके मुताबिक, कहानी तैयार करना और उसे पर्दे पर उतारना आसान काम नहीं है। उन्होंने लेखकों और फिल्म निर्माताओं के प्रति सम्मान जाहिर करते हुए कहा कि एक निर्देशक के पास अपनी कहानी कहने और कई प्रतिभाशाली लोगों को एक साथ जोड़ने का मौका होता है।
रणबीर का मानना है कि संगीतकार के बाद किसी कलाकार को सबसे ज्यादा रचनात्मक संतुष्टि निर्देशक के तौर पर मिल सकती है। एक अभिनेता अपने हिस्से का सीन शूट करके अगले सीन का इंतजार करता है, लेकिन निर्देशक पूरी फिल्म की रचना में लगातार शामिल रहता है। यही बात उन्हें निर्देशन की ओर आकर्षित कर रही है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो से तीन वर्षों में वह अपनी पहली निर्देशित फिल्म की शूटिंग शुरू कर सकेंगे। हालांकि, इससे पहले वह अपनी मौजूदा फिल्मों की जिम्मेदारियां पूरी करना चाहते हैं