Posted on:
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में हुई थी। हालांकि बाजार खुलने के कुछ देर बाद बाद लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों में उतार-चढ़ाव होने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 0.43 प्रतिशत और निफ्टी 0.48 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 25.47 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 74,341.08 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर शुरू हो गया। आईटी शेयरों में आई तेजी से बाजार को सहारा मिला, लेकिन रिलायंस और आईसीआईसीआई बैंक जैसे हैवीवेट शेयरों में बिकवाली के कारण सेंसेक्स पर भी दबाव बना रहा। बिकवाली का दबाव बनने यह सूचकांक 74,012.99 अंक के स्तर तक गिर गया। वहीं लिवाली शुरू होने पर यह उछल कर 74,634.20 अंक तक आ गया। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 315.87 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,631.48 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की ही तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 67.75 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,065.10 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही पहले बिकवाली का दबाव बना, जिसके कारण ये सूचकांक फिसल कर 22,913.80 के निचले स्तर तक गिर गया। हालांकि पहले 20 मिनट के कारोबार के बाद लिवालों ने खरीदारी का जोर बना दिया, जिससे निफ्टी की चाल मे तेजी आ गई लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 23,107.45 अंक तक पहुंच गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 109.50 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,106.85 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,863 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,572 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,291 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 17 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर, 13 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 17 शेयर हरे निशान में और 33 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
शुरुआती एक घंटे के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टेक महिंद्रा 6.93 प्रतिशत, इन्फोसिस 4.02 प्रतिशत, टीसीएस 3.53 प्रतिशत, भारती एयरटेल 1.89 प्रतिशत और एचसीएल टेक 1.32 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, एचडीएफसी लाइफ 2.65 प्रतिशत, बीएसई लिमिटेड 2.60 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 1.38 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 1.27 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व 0.95 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 1,533.72 अंक यानी 2.11 प्रतिशत की जोरदार मजबूती के साथ 74,315.61 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 374.65 अंक यानी 1.66 प्रतिशत की उछाल के साथ 22,997.35 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।