मेरे पास कोई बेनामी प्रॉपर्टी नहीं', IT रेड पर रकुल प्रीत ने दिया रिएक्शन, बोलीं- '20 की उम्र से टैक्स भर रही हूं

Posted on: 2026-10-05


हिंदी, तेलुगु और तमिल सिनेमा में काम कर चुकीं रकुल प्रीत सिंह हाल ही के दिनों में कुछ अन्य वजहों से चर्चा में रहीं। बीते दिनों रकुल प्रीत सिंह और उनके ससुर वाशु भगनानी से जुड़ी 12 जगहों पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने छापेमारी की थी। आयकर विभाग के इस एक्शन के एक हफ्ते बाद अब रकुल प्रीत सिंह ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ी है। रकुल ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया,

जिसमें उन्होंने इनकम टैक्स सर्च ऑपरेशन और अटकलों वाली खबरों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। खुद को आर्म्ड फोर्सेज़ के फैमिली में पली बढ़ी सेल्फ-मेड आर्टिस्ट बताते हुए रकुल प्रीत सिंह ने कहा कि वह हमेशा से कानून का पालन करती आईं हैं और 20 साल की उम्र से टैक्स भरती आ रही हैं। रकुल ने अपने बयान में कहा कि उनका किसी भी तरह के विदेशी लेन-देन से लेना-देना नहीं है।

रकुल प्रीत सिंह ने जारी किया आधिकारिक बयान

रकुल प्रीत सिंह ने सोशल मीडिया पर 28 सितंबर को अपने और ससुर वाशु भगनानी से जुड़ी 12 जगहों पर इनकम टैक्स की छापेमारी पर प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने अपने आधिकारिक बयान में लिखा- 'ये देखकर बहुत दुख हो रहा है कि खुद को ऑनलाइन रिपोर्टर कहने वाले लोग और कुछ मुख्यधारा के मीडिया पत्रकरों के बीच तथ्यों की जांच-पड़ताल किए बिना खबरों को सनसनीखेज तरीके से पेश करने का चलन तेजी से बढ़ रहा है।

इसलिए मैं इस मामले में सच्चाई को एक बार और हमेशा के लिए स्पष्ट करना चाहती हूं। ये तलाशी मुझसे जुड़ी नहीं थी। मैं एक आर्म्ड फोर्सेस वाले बैकग्राउंड से आती हूं और इंडस्ट्री में बिना किसी गॉडफादर के अपना करियर बनाया है।  मैंने अपनी कड़ी मेहनत से ये मुकाम हासिल किया है और कानून का पालन करने वाली एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर 20 साल की उम्र से ही टैक्स भरती आ रही हूं।'

विदेशी लेन-देन से कोई संबंध नहीं- रकुल प्रीत सिंह

रकुल ने अपने पोस्ट में आगे लिखा- 'मैं न तो व्यक्ति व्यक्तिगत तौर पर और न ही प्रोड्क्शन की ओर से किसी भी तरह के विदेशी लेन-देन से नहीं जुड़ी हूं। मैं ये भी कहना चाहती हूं कि मेरे पास देश या देश से बाहर, कहीं भी कोई बेनामी संपत्ति नहीं है और न ही मुझे कभी किसी ने कोई संपत्ती गिफ्ट में दी है। और अपने सिद्धांत के तौर पर मैं किसी भी तरह के मंहगे तोहफे भी एक्सेप्ट नहीं करती हूं।

दुर्भावनापूर्ण और अटकलों पर आधारित रिपोर्ट प्रकाशित करने वालों से मैं अपील करती हूं कि वे इन्हें वापस लें और तथ्यों को स्पष्ट करें। मैं समझती हूं कि मीडिया का कारोबार चलाने वालों पर भी, चाहे वो कितना ही बड़ा क्यों न हो , व्यावसायिक दवाब होता है। लेकिन, ये सब फैक्ट्स की कीमत पर नहीं होना चाहिए। और किसी की प्रतिष्ठा और आजीविका की कीमत पर तो ये बिलकुल नहीं होना चाहिए।'

रकुल प्रीत सिंह का वर्कफ्रंट

वर्कफ्रंट की बात करें तो रकुल प्रीत सिंह अब नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायणः पार्ट 1' में नजर आएंगी, जो इस साल दिवाली के मौके पर रिलीज हो रही है। इस फिल्म में रकुल, लंकापति रावण की बहन शूर्पणखा की भूमिका में दिखाई देने वाली हैं,

जिसे लेकर वह काफी सुर्खियां बटोर रही हैं। इस फिल्म में रणबीर कपूर प्रभु श्रीराम की भूमिका में नजर आएंगे और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रही हैं। वहीं रावण की भूमिका में यश नजर आने वाले हैं।