आइची-नगोया (जापान), 25 सितंबर । भारत की जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार ने एशियाई खेल 2026 में स्क्वैश मिश्रित युगल के सेमीफाइनल में जगह बनाकर देश का कम से कम कांस्य पदक पक्का कर दिया है।
भारतीय जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में फिलीपींस की जोड़ी को सीधे गेमों में 11-3, 11-5 से हराया। इस जीत के साथ चिनप्पा और वेलेवन पदक दौर में पहुंच गए।
40 वर्षीय जोशना चिनप्पा के लिए यह पदक खास है। उन्होंने 16 साल बाद एशियाई खेलों में एक और पदक पक्का किया है। वह इससे पहले भी महाद्वीपीय स्तर पर भारत के लिए पदक जीत चुकी हैं।
अब सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी का सामना शनिवार को हांगकांग की ली का यी और तांग मिंग होंग की जोड़ी से होगा। भारतीय खिलाड़ी जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाने के इरादे से उतरेंगे।
इस बीच, भारत के लिए टेबल टेनिस में भी पदक पक्का हुआ है। मनुष शाह और दीया चिताले ने मिश्रित युगल के क्वार्टर फाइनल में हांगकांग की वोंग चुन टिंग और डू होई केम को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। हालांकि, हरमीत देसाई और यशस्विनी घोरपड़े को चीन की लिन शिदोंग और कुआई मैन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
बैडमिंटन में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो ने मालदीव की अमिनाथ अब्दुल रज्जाक और निबाल अहमद की जोड़ी को हराकर मिश्रित युगल के दूसरे दौर में जगह बनाई। निशानेबाजी में कमलजीत और सुरुचि इंदर सिंह ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम क्वालीफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल किया।
तैराकी में ऋषभ दास और उत्कर्ष पाटिल ने पुरुषों की 200 मीटर बैकस्ट्रोक के फाइनल में जगह बनाई। वहीं, धनुष सुरेश, अनीश सुनील और दक्षन शशिकुमार अपने-अपने मुकाबलों में आगे नहीं बढ़ सके।
कैनो स्प्रिंट में प्रोहित बराई और प्रसन्ना कुमार ने पुरुषों की कयाक डबल 500 मीटर में फाइनल बी के लिए क्वालीफाई किया, जबकि मेघा प्रदीप और नेहा लेइचोनबाम महिला कैनो डबल 500 मीटर से बाहर हो गईं।
फेंसिंग में भारत की पुरुष फॉयल और महिला एपी टीमों का अभियान अंतिम-16 में समाप्त हो गया। पुरुष टीम को हांगकांग और महिला टीम को उज्बेकिस्तान के खिलाफ हार मिली। एथलेटिक्स की महिला हेप्टाथलॉन में लंबी कूद के बाद अनामिका अनीश और पूजा क्रमश: सातवें और नौवें स्थान पर बनी हुई हैं।