नई दिल्ली, 21 सितंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के भाई शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि समाज की सेवा के लिए शेख अहमद के प्रयासों को आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।
प्रधानमंत्री ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शोक संदेश में कहा, “महामहिम शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम के निधन से बेहद दुखी हूं। समाज की सेवा के लिए उनके प्रयासों को आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी। मैं शाही परिवार और दुबई की जनता के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शाश्वत शांति प्रदान करे।”
शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम का सोमवार को 76 वर्ष की आयु में निधन हुआ। वह दुबई के शासक और संयुक्त अरब अमीरात के उपराष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के छोटे भाई थे। दुबई के शासक के न्यायालय ने उनके निधन पर सोमवार से 10 दिन के आधिकारिक शोक की घोषणा की है। इस दौरान दुबई में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे।
शेख अहमद ने दुबई पुलिस और सार्वजनिक सुरक्षा के नेतृत्व सहित विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। वह एआरएम होल्डिंग के समूह अध्यक्ष और अल वस्ल फुटबॉल क्लब के अध्यक्ष भी रहे। घुड़दौड़ के क्षेत्र में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा और जाबेल अली रेसकोर्स से उनका जुड़ाव रहा।