पक्की छत के नीचे संवर रहा बचपन

Posted on: 2026-09-21


बलरामपुर, 21 सितंबर  बलरामपुर जिले के दूरस्थ विशेष पिछड़ी जनजाति बहुल क्षेत्रों में पीएम-जनमन योजना के तहत बच्चों और माताओं के लिए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत सरगवां के डुगुपारा में बने नए आंगनबाड़ी भवन ने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया है।

जनपद पंचायत बलरामपुर की ग्राम पंचायत सरगवां के डुगुपारा में विशेष पिछड़ी जनजाति के 124 लोग निवासरत हैं। कुछ समय पहले तक यहां छोटे बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के लिए उपयुक्त भवन नहीं था, जिससे आंगनबाड़ी गतिविधियों के संचालन में दिक्कत होती थी। स्थानीय जरूरत को देखते हुए पीएम-जनमन योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में यहां पक्के आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराया गया।

नए भवन के शुरू होने के बाद गांव के 27 पात्र हितग्राही नियमित रूप से विभागीय सेवाओं का लाभ ले रहे हैं। इनमें 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के 16 बच्चे, 6 माह से 3 वर्ष आयु वर्ग के 6 बच्चे तथा 5 गर्भवती एवं शिशुवती माताएं शामिल हैं।

आंगनबाड़ी केंद्र में हितग्राहियों को पूरक पोषण आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और प्रारंभिक बाल विकास से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है। नए भवन में बच्चों को सीखने, खेलने और रचनात्मक गतिविधियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चित्रों और टीएलएम सामग्री के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में प्रारंभिक शिक्षा दे रही हैं।

केंद्र के नियमित संचालन से माताओं में भी संतुलित आहार, स्वच्छता और बच्चों की शुरुआती देखभाल को लेकर जागरूकता बढ़ रही है। पीएम-जनमन योजना के तहत निर्मित यह भवन दूरस्थ क्षेत्र के बच्चों और माताओं तक पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की सुविधाएं पहुंचाने में उपयोगी साबित हो रहा है।