दीपिका सहरावत और रुतुजा पिसाल के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियाई खेल 2026 में अपना दबदबा कायम रखते हुए सोमवार को पूल बी के अपने दूसरे मैच में इंडोनेशिया को 17-1 से हराया।
दीपिका ने पहले मैच में उज्बेकिस्तान पर भारत की 19-0 की जीत में रिकॉर्ड आठ गोल किए थे, और इंडोनेशिया के खिलाफ उन्होंने तीन और गोल दागे। रुतुजा ने भी तीन गोल किए, जबकि सुनेलिता टोप्पो, कप्तान सलीमा टेटे और साक्षी राणा अन्य गोल करने वालों में शामिल थीं।
दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर से जोरदार ड्रैगफ्लिक शॉट लगाकर आठवें मिनट में पहला गोल किया। सुनेलिता ने 11वें मिनट में भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया, जिसके दो मिनट बाद लालरेम्सियामी ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर दिया।
इंडोनेशियाई गोलकीपर द्वारा दीपिका के प्रयास को रोके जाने के बाद रिबाउंड पर रुतुजा ने 15वें मिनट में गोल करके स्कोर 4-0 कर दिया।
लालरेम्सियामी ने 16वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा, जब भारतीय खिलाड़ी के हमले को गोलकीपर ने पहले तो रोक दिया था। इसके बाद रुतुजा ने सर्कल के अंदर नेहा से मिले पास पर 20वें मिनट में एक और गोल दागा।
साक्षी राणा ने 25वें मिनट में भारत की बढ़त को और बढ़ाया, जिसके बाद दीपिका और सुनेलिता ने क्रमशः 28वें और 30वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को हाफ टाइम तक 9-0 की बढ़त दिला दी।
पहले हाफ में भारत ने 55 प्रतिशत गेंद पर कब्जा बनाए रखा और नौ पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, जबकि इंडोनेशिया को केवल दो पेनल्टी कॉर्नर मिले।
सलीमा टेटे, नवनीत और इशिका ने 34वें, 35वें और 36वें मिनट में लगातार गोल दागे। रुतुजा और दीपिका ने 39वें और 40वें मिनट में गोल करके स्कोर 14-1 कर दिया। इंडोनेशिया का एकमात्र गोल इनेस आदियिता ने 32वें मिनट में किया।
नवनीत ने 56वें और 57वें मिनट में दो गोल किए, जबकि साक्षी राणा ने 57वें मिनट में एक और गोल जोड़कर भारत को 17-1 से जीत दिलाई।
भारत ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की थी। दीपिका ने आठ गोल किए, जिनमें से पांच पेनल्टी कॉर्नर से थे, वहीं इशिका ने भी हैट्रिक पूरी की।
उज्बेकिस्तान के खिलाफ दीपिका द्वारा किए गए आठ गोलों ने एक ही एशियाई खेलों के मैच में किसी एक खिलाड़ी द्वारा किए गए सबसे अधिक गोलों का रिकॉर्ड बनाया।