महासमुंद में 24 सितंबर को जिला स्तरीय रोजगार मेला, 230 पदों पर होगी भर्ती

Posted on: 2026-09-20


महासमुंद, 20 सितंबर । जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र महासमुंद द्वारा 24 सितंबर को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

रोजगार मेला प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लाईवलीहुड कॉलेज के द्वितीय तल, पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर, ग्राम बरोडाबाजार में आयोजित होगा। मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियां कुल 230 रिक्त पदों पर भर्ती करेंगी।

जिला रोजगार कार्यालय की उपसंचालक डॉ. शशिकला अतुलकर ने रविवार को बताया कि रोजगार मेले में स्वतंत्रा माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड, पुष्कल एग्रोटेक लिमिटेड, अलर्ट एसजीएस प्राइवेट लिमिटेड, रजत इक्विपमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड तथा श्रमिन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड सहित विभिन्न निजी प्रतिष्ठान भाग लेंगे। इन कंपनियों द्वारा 230 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि भर्ती के लिए 10वीं, 12वीं, बीएससी एग्रीकल्चर, स्नातक तथा आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित तिथि और समय पर अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, बायोडाटा की छायाप्रति तथा पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ रोजगार मेले में उपस्थित होकर साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं।

डॉ. अतुलकर ने बताया कि साक्षात्कार प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ रोजगार एप अथवा रोजगार विभाग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। रिक्त पदों की संख्या, पदवार शैक्षणिक योग्यता, वेतनमान एवं कार्यस्थल संबंधी विस्तृत जानकारी जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, महासमुंद से प्राप्त की जा सकती है। अभ्यर्थी रोजगार विभाग की वेबसाइट पर भी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।