4000 करोड़ के महंगे बजट में बनीं नितेश तिवारी की रामायण की चर्चा जोरों पर है क्योंकि फिल्म दीवाली 2026 के खास मौके पर रिलीज होने वाली है. वहीं फिल्म में भगवान श्रीराम के किरदार में रणबीर कपूर, माता सीता के रोल में साई पल्लवी और रावण के रोल में यश नजर आने वाले हैं. हालांकि इससे पहले एक और रामायण बड़े पर्दे पर रिलीज होगी, जिसका ट्रेलर हाल ही में रिलीज किया गया. हालांकि इस फिल्म के ट्रेलर को तारीफें तो नहीं मिलीं. लेकिन इंटरनेट यूजर्स ने ट्रोल जरुर कर दिया. हम बात कर रहे हैं फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा-श्री राम की' की, जिसमें अंजलि अरोड़ा, देव शर्मा और रजनीश दुग्गल अहम किरदार में नजर आ रहे हैं.
ट्रेलर में श्री राम और माता सीता की दिव्य यात्रा की झलक देखने को मिली है. फिल्म में देव शर्मा श्री राम के रूप में हैं, तो अंजलि अरोड़ा माता सीता का किरदार निभाती नजर आ रही हैं और रजनीश दुग्गल रावण के रोल में हैं. ट्रेलर में रामायण के कुछ महत्वपूर्ण पल दिखाए गए हैं, जिसमें श्री राम और माता सीता के बीच का रिश्ता, वनवास के दौरान उनकी यात्रा, सीता हरण, हनुमान जी की भक्ति और धर्म और अधर्म के बीच अंतिम लड़ाई शामिल है. ट्रेलर में फिल्म के मुख्य संदेश को 'अधर्म के सामने धर्म का नाम, श्री राम' लाइन के जरिए दिखाया गया है, जिसमें धर्म और मर्यादा कहानी के मुख्य विषय हैं.
ट्रेलर देख प्रभास और ओम राउत की हुई चर्चा
महाकाव्य श्री रामायण कथा का ट्रेलर देखने के बाद लोगों ने कमेंट सेक्शन में मेकर्स की खिंचाई करना शुरू कर दिया है. इतना ही नहीं लोगों ने ओम राउत की आदिपुरुष को भी आड़े हाथ लिया है, जिसमें प्रभास लीड रोल में थे. ट्रेलर देखने के बाद एक यूजर ने लिखा, ओम राउत सोच रहे होंगे- शुक्र है मैं ट्रोलिंग से बच गया. दूसरे यूजर ने लिखा, एक सीट ओम राउत के लिए छोड़ देना हर शो में. तीसरे यूजर ने लिखा, आज पता चला बालवीर वाले वीएफएक्स अच्छे थे. चौथे यूजर ने लिखा, भगवान से डरो पापियों.
कैलाश खेर जैसे सिंगर्स का है म्यूजिक
फिल्म के म्यूजिक में कई मशहूर और उम्दा गायकों ने अपनी आवाज दी, जिनमें कैलाश खेर, जावेद अली, फरहाद भीवंडीवाला, अनुराग शर्मा और सुनील सोनी जैसे गायक शामिल हैं, जिन्होंने हिंदी और छत्तीसगढ़ी गानों को गाया है. इसमें गायक शान की भी आवाज एक गाने में होगी. ट्रेलर रिलीज से पहले मेकर्स ने इसका टीजर और तीन गाने 'सिया राम', 'राम जी की सेना' और 'हे हनुमान' रिलीज किए थे, जिन्हें संगीत प्रेमियों की तरफ से खूब प्रशंसा मिली थी, हालांकि फिल्म के और भी गाने रिलीज होने वाले हैं. अभिषेक सिंह द्वारा निर्देशित फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा- श्री राम की' में शील वर्मा लक्ष्मण और निर्भय वाधवा हनुमान के किरदार में नजर आएंगे. यह फिल्म 25 सितंबर को पूरे भारत में सिनेमाघरों में हिंदी और छत्तीसगढ़ी में एक साथ रिलीज की जाएगी.