कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर जिले में पोषण माह 2026 को गति मिल रही है, और आंगनबाड़ी केंद्र पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता के सक्रिय केंद्र बनते जा रहे हैं। इसी कड़ी में आकांक्षी विकासखंड शंकरगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्र बचवार में परियोजना शंकरगढ़ द्वारा विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं के साथ समुदाय की सहभागिता रही। कार्यक्रम में संतुलित आहार का महत्व समझाते हुए बताया गया कि सही पोषण ही स्वस्थ बचपन और सुरक्षित मातृत्व की नींव है।
कार्यक्रम में कुपोषण के विरुद्ध ठोस पहल करते हुए गंभीर तीव्र कुपोषित (सैम) एवं मध्यम तीव्र कुपोषित (मैम) बच्चों का चिन्हांकन किया गया। अभिभावकों को बताया गया कि गंभीर कुपोषित बच्चों को उपचार के लिए पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) भेजना क्यों जरूरी है। उन्हें घर पर ऐसे बच्चों के पोषण और देखरेख के आसान तरीके भी समझाए गए। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों का टीकाकरण किया और माताओं के रक्तचाप एवं शुगर की जांच की।
नन्हे बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साह से भाग लेकर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। वहीं पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में पंजीयन की जानकारी दी गई, ताकि कोई भी पात्र माता योजना के लाभ से वंचित न रहे।